Bhalesa Chenab Premier League 2026: अक्सर कहा जाता है कि मौत कभी भी और कहीं भी आ सकती है। यह बात जम्मू-कश्मीर में खेले जा रहे एक स्थानीय क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान सच साबित होती नजर आई। भलेसा चिनाब प्रीमियर लीग (BCPL) के तीसरे सीजन के एक मुकाबले में गेंदबाजी कर रहे खिलाड़ी सुहैल ने अपना ओवर पूरा किया, लेकिन कुछ ही पल बाद उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह मैदान पर गिर पड़े। साथी खिलाड़ियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे मैदान में मातम छा गया और मुकाबला बीच में ही रोकना पड़ा।
ओवर खत्म करने के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुहैल बादशाह 11 भलेसा की ओर से वाईसीसी जिमखाना किश्तवाड़ के खिलाफ मुकाबला खेल रहे थे। उन्होंने अपना दूसरा ओवर पूरा किया और इसके बाद जूतों के फीते बांधने के लिए झुके। जब वह दोबारा खड़े हुए तो उनकी तबीयत बिगड़ती हुई दिखाई दी। कुछ क्षण तक उन्होंने खुद को संभालने की कोशिश की, लेकिन अचानक मैदान पर गिर पड़े।
साथी खिलाड़ी और आयोजन समिति के सदस्य तुरंत उनकी ओर दौड़े और बिना समय गंवाए उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
देखें VIDEO
मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल सुहैल की मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। बताया जा रहा है कि सुहैल जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के भद्रवाह क्षेत्र के रहने वाले थे।
मैच में शानदार प्रदर्शन के बाद हुआ हादसा
हादसे से पहले सुहैल बेहतरीन लय में नजर आ रहे थे। उन्होंने अपने दो ओवर के स्पेल में सिर्फ 8 रन खर्च किए और 2 महत्वपूर्ण विकेट भी झटके। उनकी गेंदबाजी से विपक्षी टीम पर दबाव बना हुआ था।
इस मुकाबले में बादशाह 11 भलेसा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 147 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। टीम की ओर से आदिल मीर ने 38 गेंदों में 75 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इसके बाद लक्ष्य का बचाव करने उतरी टीम के लिए सुहैल शुरुआती ओवरों में शानदार प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
थलोरन स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेला जा रहा था मुकाबला
गौरतलब है कि यह मुकाबला गंडोह तहसील के थलोरन स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेला जा रहा था। घटना के बाद पूरे मैदान में शोक का माहौल छा गया। टूर्नामेंट आयोजकों ने तत्काल मैच रोकने का फैसला लिया। मैच के लाइव प्रसारण के दौरान एक वाहन को मैदान के भीतर आते हुए भी देखा गया, जिसके जरिए सुहैल को अस्पताल पहुंचाया गया।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
गौरतलब है कि कुछ वर्ष पहले महाराष्ट्र के संभाजीनगर जिले में भी एक स्थानीय क्रिकेट मैच के दौरान इसी तरह की एक दुखद घटना सामने आई थी, जब मैदान पर एक खिलाड़ी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई थी। फिलहाल सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे सुहैल की मौत की वास्तविक वजह का पता चल सकेगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
