जामनगर। गुजरात के एडवेंचर स्पोर्ट्स इतिहास में एक नया सुनहरा अध्याय जुड़ गया है। जामनगर के रहने वाले और गुजरात इरिगेशन डिपार्टमेंट में असिस्टेंट इंजीनियर (क्लास-2) नचिकेता गुप्ता ने केरल में आयोजित ‘मालाबार रिवर इंटरनेशनल कयाकिंग कॉम्पिटिशन-2026’ में गोल्ड मेडल जीतकर पूरे देश में गुजरात का नाम रोशन किया है। वे इंटरनेशनल व्हाइट वाटर कयाकिंग में चैंपियन बनने वाले पहले गुजराती कयाकर बन गए हैं।

10 से अधिक देशों के दिग्गजों को दी मात

केरल के कोझिकोड जिले में चालिपुझा और इरुवाझिंझी नदियों की उफनती और तेज लहरों में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसमें भारत के अलावा अमेरिका, यूरोप, कनाडा, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया समेत 10 से ज्यादा देशों के सर्वश्रेष्ठ कयाकर्स ने हिस्सा लिया था। नचिकेता ने अपनी शानदार स्पीड और बैलेंस के दम पर ‘बोटर क्रॉस’ और ‘डाउनरिवर रेस’ जैसे बेहद कठिन इवेंट्स में विदेशी खिलाड़ियों को पछाड़कर पहला स्थान हासिल किया।

सरकारी नौकरी के साथ कड़ी मेहनत

सरकारी सेवा की व्यस्त और जिम्मेदारियों भरी ड्यूटी के बावजूद नचिकेता ने अपनी ट्रेनिंग में कभी कमी नहीं आने दी। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने फुल-टाइम जॉब के साथ लगातार प्रैक्टिस करके यह मुकाम हासिल किया है।

बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं नचिकेता

कयाकिंग के अलावा नचिकेता गुप्ता स्कीइंग, पैराग्लाइडिंग, स्काई डाइविंग और माउंटेनियरिंग जैसे साहसिक खेलों के भी एक्सपर्ट हैं और पहले भी राज्य का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

अपनी ऐतिहासिक जीत पर खुशी जाहिर करते हुए नचिकेता ने कहा, “अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और गुजरात का प्रतिनिधित्व कर चैंपियन बनना मेरे लिए गर्व का क्षण है।” उन्हें उम्मीद है कि उनकी इस सफलता से प्रेरणा लेकर गुजरात के युवा व्हाइट वॉटर कयाकिंग जैसे एडवेंचर स्पोर्ट्स में अपना करियर बनाने आगे आएंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें