जमशेदपुर। गोविंदपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। लुआबासा पुलिया के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है।
ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था राकेश
मृतक की पहचान एमजीएम थाना क्षेत्र के धनिया निवासी राकेश महतो (24) के रूप में हुई है। राकेश टाटा मोटर्स कंपनी में ठेका मजदूर के तौर पर काम करता था। मंगलवार रात ड्यूटी खत्म करने के बाद वह बाइक से लुआबासा होते हुए अपने घर धनिया लौट रहा था।
इसी दौरान सामने से एक बाइक पर तीन युवक तेज रफ्तार में आ रहे थे। दोनों बाइकों की रफ्तार अधिक होने के कारण लुआबासा पुलिया के पास दोनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार कि चारों सड़क पर गिरे
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
तीन युवक गंभीर रूप से घायल
घायलों की पहचान जादुगोड़ा के तिलामुड़ा गांव निवासी समीर माझी (17), सनातन कालिंदी (20) और बिरसा माझी (18) के रूप में हुई है। तीनों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं डॉक्टरों ने जांच के बाद राकेश महतो को मृत घोषित कर दिया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
सूचना मिलने के बाद गोविंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में तेज रफ्तार को दुर्घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है।


