विजय कुमार, जमुई। सावन की पहली सोमवारी पर जमुई जिले के महादेव सिमरिया स्थित धनेश्वर नाथ मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक युवक के बाइक लेकर मंदिर परिसर में घुसने और दानपेटी को क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
बाइक से टक्कर मार दानपेटी को किया क्षतिग्रस्त
वायरल वीडियो में एक युवक बुलेट बाइक सहित मंदिर परिसर के अंदर दिखाई दे रहा है। वह बाइक पर बैठकर लगातार तेज आवाज में एक्सीलेटर देता है, जबकि उसी समय दानपेटी के पास कई श्रद्धालु पूजा-अर्चना में जुटे हुए हैं। कुछ ही क्षण बाद युवक बाइक आगे बढ़ाता है और दानपेटी से टकराकर उसे क्षतिग्रस्त कर देता है। इसके बाद भी वह कुछ सेकंड तक बाइक का एक्सीलेटर तेज करता रहता है। घटना के दौरान मंदिर परिसर में भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे और कई लोग पूरे घटनाक्रम को देखते रह गए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवाल
सावन की सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने मंदिर परिसर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की थी। परिसर में मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों को लगाया गया था। इसके बावजूद युवक का बाइक लेकर सीधे मंदिर परिसर में प्रवेश करना और तोड़फोड़ की घटना को अंजाम देना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
श्रद्धालुओं में बढ़ी सुरक्षा की चिंता
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब युवक बुलेट बाइक लेकर मंदिर परिसर में प्रवेश कर रहा था, तब प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उसे क्यों नहीं रोका। यदि समय रहते उसे रोक दिया जाता, तो दानपेटी को नुकसान पहुंचाने जैसी घटना टाली जा सकती थी। घटना ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी, बल्कि सावन में दर्शन के लिए पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।
युवक को बताया जा रहा मानसिक रूप से अस्वस्थ
मामले को लेकर मंदिर समिति के सचिव पीसी पाठक ने बताया कि घटना के समय समिति के सदस्य मौके पर मौजूद नहीं थे। उनके अनुसार संबंधित युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवक महादेव सिमरिया निवासी पूर्व पंचायत समिति सदस्य मनोज सिंह का पुत्र है। यह घटना सोमवार को दोपहर करीब 3:30 से 4:00 बजे के बीच हुई। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जानकारी अनुमंडल पदाधिकारी को दी जाएगी। प्रशासन के निर्देश मिलने के बाद मंदिर समिति आगे की आवश्यक कार्रवाई करेगी।
ये भी पढ़ें- बांकीपुर में हार के बाद BJP में घमासान: पार्टी नेता मुकेश निषाद ने मांगा केंद्रीय मंत्री का इस्तीफा


