विजय कुमार/जमुई। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देश पर सोमवार से जिले के 35 परीक्षा केंद्रों पर इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 की शुरुआत हो गई। परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है।

जिला शिक्षा कार्यक्रम कार्यालय के अनुसार इस वर्ष कुल 21,935 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इनमें 11,604 विज्ञान, 10,213 कला और 118 वाणिज्य संकाय के छात्र-छात्राएं हैं। कुल परीक्षार्थियों में 11,310 छात्र और 10,625 छात्राएं शामिल हैं। 35 केंद्रों में से 16 केंद्र केवल छात्राओं के लिए निर्धारित किए गए हैं, जबकि चार आदर्श परीक्षा केंद्र भी बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर अलग-अलग केंद्राधीक्षक प्रतिनियुक्त किए गए हैं।
जिलाधिकारी नवीन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि कदाचार मुक्त परीक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल, गश्ती दल, जोनल और सुपर जोनल टीमों की तैनाती की गई है। केंद्रों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।

परीक्षा प्रथम पाली सुबह 9:30 से 12:45 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 2:00 से 5:15 बजे तक आयोजित हो रही है। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। पहले दिन प्रथम पाली में दो छात्राएं देर से पहुंचीं, जिन्हें गेट पर ही रोक दिया गया। छात्राओं ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई, लेकिन नियमों के तहत उन्हें प्रवेश नहीं मिला। फिलहाल परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।