विजय कुमार/जमुई। पान समाज के सम्मान और अधिकारों की आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (जमुई इकाई) द्वारा शहर में एक भव्य जुलूस निकाला गया। पार्टी की वर्षगांठ और आगामी पान सम्मान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस रैली ने पूरे शहर को राजनीतिक उत्साह से सराबोर कर दिया। जिलाध्यक्ष शंभू कुमार के नेतृत्व में निकले इस जुलूस का मुख्य उद्देश्य पटना के बापू सभागार में होने वाले ऐतिहासिक कार्यक्रम हेतु जन-जागरूकता फैलाना था।
कार्यकर्ताओं का उत्साह और एकजुटता
हाथों में पार्टी के झंडे और बैनर लिए सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गगनभेदी नारों के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान जिला प्रभारी शंभू तांती महासचिव डॉ. एच. एन. गुप्ता और युवा अध्यक्ष विजय तांती समेत दर्जनों पदाधिकारियों ने समाज की राजनीतिक भागीदारी पर जोर दिया। रैली में शामिल नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं बल्कि पान समाज के हक और हकूक की लड़ाई का एक बड़ा पड़ाव है।
दिग्गज नेताओं का जुटेगा जमावड़ा
जिलाध्यक्ष शंभू कुमार ने कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पटना के इस महासम्मेलन में देश और राज्य के कई कद्दावर नेता शिरकत करेंगे। मुख्य अतिथियों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेस्वी यादव और भाकपा (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य का नाम प्रमुख है। इन दिग्गजों की मौजूदगी पान समाज के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव को रेखांकित करेगी।
ऐतिहासिक होगा पटना कूच
जमुई जिले से हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं और आमजनों के पटना पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। शंभू कुमार ने समाज के हर वर्ग से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पटना पहुंचकर अपनी शक्ति का प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से न केवल सामाजिक समरसता और भाईचारे को बल मिलेगा बल्कि पान समाज के राजनीतिक सम्मान के लिए एक मजबूत नींव रखी जाएगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

