विजय कुमार/जमुई। जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के दिग्घी गांव में एक ऐसी प्रेम कहानी सामने आई है, जिसकी शुरुआत तो मोबाइल की स्क्रीन पर हुई, लेकिन मुकम्मल मंदिर की दहलीज पर हुई। लक्ष्मीपुर के रहने वाले सूरज कुमार और सोनो थाना क्षेत्र की एक युवती के बीच पिछले दो वर्षों से गहरा प्रेम संबंध चल रहा था। इस आधुनिक प्रेम कहानी का सुखद अंत शुक्रवार शाम को पटेश्वर नाथ शिव मंदिर में हुई शादी के साथ हुआ।

​इंस्टाग्राम पर हुई थी पहली मुलाकात

जानकारी के अनुसार, सूरज और युवती की पहली मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। यह प्यार सिर्फ चैटिंग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दोनों ने साथ मिलकर कई रील भी बनाईं, जिन्हें सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया गया। रील बनाते-बनाते कब दोनों ने जिंदगी का सफर साथ तय करने का फैसला कर लिया, यह उनके परिजनों को भी पता नहीं चला।

​परिजनों को बिना बताए मंदिर में लिए सात फेरे

शुक्रवार की शाम इस कहानी में निर्णायक मोड़ आया। दोनों ने समाज और परिवार की बंदिशों की परवाह किए बिना साथ रहने का फैसला किया और चुपचाप घर से निकलकर पटेश्वर नाथ शिव मंदिर पहुंच गए। वहां मंदिर के पुजारी की मौजूदगी में पूरे विधि-विधान और हिंदू रीति-रिवाज के साथ दोनों ने शादी रचा ली। इस दौरान सूरज के कुछ करीबी दोस्त भी वहां मौजूद रहे, जो इस अनोखी शादी के गवाह बने।

​वीडियो वायरल और कानूनी स्थिति

शनिवार दोपहर करीब 1 बजे से इस शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में नवविवाहित जोड़ा मंदिर में रस्में निभाते हुए बेहद खुश नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो दोनों युवक-युवती बालिग हैं, जिस कारण इस विवाह को कानूनी रूप से वैध माना जा रहा है। हालांकि, इस मामले में अभी तक स्थानीय पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान या शिकायत की पुष्टि नहीं हुई है।