कुंदन कुमार, पटना। Bankipur By-Election Results: राजधानी पटना की सबसे चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने जीत हासिल कर ली है। अब वे बांकीपुर के विधायक बन गए हैं। 28वें राउंड की गिनती के बाद प्रशांत किशोर को कुल 59,213 वोट मिले। बीजेपी के नीरज सिन्हा से वह 19,419 वोटों आगे हैं, वहीं, अब महज 3 राउंड की गिनती बाकी है, जिसमें इस आकड़े को पार करना संभव नहीं है।
इसके साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की इस सीट पर बीजेपी को बड़ी और बुरी हार का सामना करना पड़ा है। गौरतलब है कि नितिन नबीन के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुए इस सीट पर उपचुनाव हुआ है। इससे पहले वे यहां से लगातार 5 बार के विधायक रह चुके हैं।
28वें राउंड तक किसे कितने वोट मिले?
- जन सुराज के प्रशांत किशोर को 59,213 वोट मिले।
- भाजपा के नीरज सिन्हा को 39,794 वोट मिले।
- राजद की रेखा गुप्ता की 13,260 वोट मिले।
बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए कुल 25 उम्मीदवार मैदान में थे। हालांकि चुनाव में जन सुराज, बीजेपी और राजद के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद की जा रही थी। लेकिन चुनाव के नतीजों को देखें तो यह कहना गलत नहीं होगा का बांकापुर का यह उपचुनाव तीन नहीं बल्की जन सुराज और बीजेपी दो दलों के बीच ही था। राजद की रेखा गुप्ता को इस चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा है।
पीके ने तोड़ा बीजेपी का भ्रम
बांकीपुर उपचुनाव में जीत हासिल करने के साथ ही प्रशांत किशोर ने बीजेपी के उस भ्रम को भी तोड़ दिया, जिसे लेकर सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा था कि बांकीपुर से यदि कुत्ते बिल्ली को भी टिकट दे दिया जाए तो यहां से बीजेपी की ही जीत होगी। गौरतलब है कि बीजेपी सांसद के इस बयान को लेकर पीके चुनाव प्रचार के दौरान लगातार भाजपा पर हमलावर थे, जिसका असर नतीजों में भी देखने को मिला है।
जश्न में डूबे कार्यकर्ता और समर्थक
प्रशांत किशोर की जीत पर पटना स्थित कार्यालय से लेकर सड़कों तक पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है। समर्थक और कार्यकर्ता एक-दूसरे को पीले रंग का गुलाल लगाकर, मिठाइयां बांटकर और ढोल-नगाड़े की थाप पर नाचते हुए अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं। इस दौरान ‘बांकीपुर का बेटा कैसा हो, प्रशांत किशोर जैसा हो’ के नारे भी लगाए जा रहे हैं।
पत्नी जाह्नवी ने लोगों का किया धन्यवाद
बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर की बढ़त पर उनकी पत्नी डॉ. जाह्नवी दास ने कहा कि, मैं बांकीपुर के लोगों को दिल से धन्यवाद देती हूं। उन्होंने (प्रशांत किशोर) इस जीत के लिए बहुत मेहनत की है। बता दें कि प्रशांत किशोर की पत्नी डॉ. जाह्नवी दास पेशे से डॉक्टर हैं। वह असम के गुवाहाटी की रहने वाली हैं।
ये भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: प्रशांत किशोर बोले- व्यक्तिगत लड़ाई नहीं, बिहार में हो कुशवाहा नेतृत्व और विजन!


