विजय कुमार, जमुई। बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी रजनीश रंजन मंगलवार को जमुई पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्नातक मतदाताओं से सघन जनसंपर्क किया और अपने चुनावी संकल्पों को साझा किया।
​सहरसा जिले के सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र अंतर्गत सहमौरा गांव के निवासी और शिक्षा शास्त्री रजनीश रंजन (कोसी पुत्र) ने कहा कि उन्होंने स्नातक मतदाताओं की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का निर्णय लिया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि स्नातक मतदाता उन्हें अवसर देते हैं, तो वे विधान परिषद में स्नातकों और शिक्षकों के हक की आवाज पूरी मजबूती से उठाएंगे। इस दौरान उन्होंने जनता के समक्ष अपने सात निश्चय रखे:

​रजनीश रंजन के सात निश्चय

  • ​स्वरोजगार हेतु ऋण: बेरोजगार स्नातकों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए 5 लाख रुपये तक का ब्याज रहित ऋण उपलब्ध कराना।
  • ​परीक्षा कैलेंडर: बिहार में आयोजित होने वाली सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए समयबद्ध परीक्षा कैलेंडर लागू करवाना।
  • ​समान काम समान वेतन: ‘एक पाठ्यक्रम, एक वेतनमान’ लागू करते हुए वित्तरहित शिक्षा व्यवस्था के कलंक को समाप्त करना।
  • ​सुरक्षा एवं भत्ता: सभी स्नातकों के लिए जीवन सुरक्षा बीमा और मासिक भत्ता लागू करवाना।
  • ​कैशलेस इलाज: सभी श्रेणी के शिक्षकों, पत्रकारों, संविदा कर्मियों और बेरोजगार स्नातकों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए कैशलेस इलाज की व्यवस्था करना।
  • ​अधिवक्ताओं के लिए सुविधाएं: सभी श्रेणियों के वकालतखानों के आधारभूत ढांचे का विकास करना और अधिवक्ताओं के लिए हेल्थ वेलनेस सेंटर स्थापित करना।
  • ​पुस्तकालयों का सुदृढ़ीकरण: प्रमंडलीय पुस्तकालयों की स्थिति सुधारने के साथ-साथ जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर आधुनिक पुस्तकालय व ई-पुस्तकालय की स्थापना करवाना।