प्रशांत सिंह, जांजगीर-चांपा। जिले के प्रशासनिक महकमे में उस समय हड़कंप मच गया, जब एडिशनल कलेक्टर (एडीएम) कार्यालय में पदस्थ एक बाबू का कथित रूप से रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और प्रशासन भी हरकत में आ गया है।

narayana

वायरल वीडियो में एक व्यक्ति कथित तौर पर बाबू को रिश्वत के रुप में कुछ राशि देता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो में बाबू उस रकम को लेकर अपनी जेब में रखते हुए नजर आ रहा है। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रही राशि कितनी है और वह किस काम के एवज में दी गई, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

बताया जा रहा है कि संबंधित कर्मचारी का कक्ष एडीएम कार्यालय के पास ही मौजुद है। वीडियो वायरल होने के बाद आम लोगों के बीच प्रशासनिक कार्यप्रणाली और कार्यालयों में होने वाले लेन-देन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

देखें VIDEO

मामले की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। कलेक्टर ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को पूरे मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियों और उसमें शामिल व्यक्तियों की भूमिका की विस्तृत जांच की जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो हाल का है या पुराना। इसके अलावा यह भी सामने नहीं आया है कि कथित रूप से ली गई राशि किस उद्देश्य से दी गई थी। जांच के दौरान वीडियो की तिथि, स्थान और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जाएगी।

अब सभी की नजर जिला प्रशासन की जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना की वास्तविकता क्या है और संबंधित कर्मचारी की भूमिका कितनी जिम्मेदार है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और दोषी पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H