जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कोसा में करीब दो महीने पहले हुए युवक की हत्या की गुत्थी अब तक नहीं सुलझ पाई है। हत्याकांड का खुलासा करने के लिए पुलिस अब नए सिरे से जांच करेगी। एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में नई जांच टीम (SIT) गठित की है। पुलिस को अब अज्ञात आरोपी तक पहुंचने की उम्मीद बढ़ गई है।

27 से 29 जून के बीच हुई थी युवक की हत्या
जानकारी के अनुसार, मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम कोसा में 27 जून 2026 से 29 जून 2026 के बीच एक युवक की अज्ञात आरोपी द्वारा हत्या कर दी गई थी। मामले में मुलमुला थाना में अपराध क्रमांक 249/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। घटना के बाद से ही पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। हालांकि अब तक पुलिस आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है।

इसी क्रम में आज पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ग्राम कोसा पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अब तक की विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों की समीक्षा भी की। एसपी ने जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले की विवेचना नए सिरे से और अधिक प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
ASP के नेतृत्व में नई SIT गठित
अज्ञात आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए एसपी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर डॉ. यूलैंडन यार्क के नेतृत्व में 9 सदस्यीय नई जांच टीम गठित की है। टीम को हत्याकांड से जुड़े प्रत्येक पहलू की नए सिरे से और गहनता से जांच करने की जिम्मेदारी दी गई है।
SIT में ये हैं शामिल
- डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह — अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), अकलतरा
- निरीक्षक शिवानंद सिंह — थाना प्रभारी, मुलमुला
- निरीक्षक भास्कर शर्मा — थाना प्रभारी, साइबर जांजगीर
- प्र.आर. 402 रूद्रनारायण कश्यप — थाना मुलमुला
- प्र.आर. 347 राजकुमार चंद्रा — साइबर थाना जांजगीर
- आरक्षक 655 प्रदीप दुबे — साइबर थाना जांजगीर
- आरक्षक 232 शहबाई अहमद — साइबर थाना जांजगीर
- आरक्षक 464 रामगोपाल भारती — थाना मुलमुला
- आरक्षक 954 ओमप्रकाश डहरिया — थाना मुलमुला
तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों की होगी जांच
नई जांच टीम घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों के साथ तकनीकी साक्ष्यों, संदिग्ध व्यक्तियों और घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की बारीकी से जांच करेगी। पुलिस का प्रयास है कि अब तक सामने आए सभी तथ्यों को आपस में जोड़कर हत्या की पूरी कड़ी को समझा जाए और अज्ञात आरोपी तक पहुंचा जा सके।
पुलिस के अनुसार, घटना की परिस्थितियों को स्पष्ट करने के लिए घटनास्थल का रीक्रिएशन भी कराया जाएगा। इसके जरिए घटना के क्रम और उससे जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की दोबारा पड़ताल की जाएगी।
ग्राम कोसा में जल्द खुलेगा पुलिस चेक पोस्ट
क्षेत्र में पुलिस की सतत मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से ग्राम कोसा में जल्द ही पुलिस चेक पोस्ट शुरू किया जाएगा। इससे क्षेत्र में पुलिस की निगरानी और गश्त व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
अब देखना होगा कि ASP के नेतृत्व में गठित नई SIT टीम इस हत्याकांड का खुलासा कब तक कर पाती है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



