० जंतर-मंतर प्रदर्शन , JPSC विवाद और रांची घटना पर कांग्रेस व हेमंत सरकार को घेरा, भर्ती परीक्षाओं की CBI जांच की मांग दोहराई
हजारीबाग। झारखंड के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार को हजारीबाग में आयोजित एकदिवसीय प्रमंडलीय प्रवासी कार्यकर्ता बैठक में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत में कांग्रेस, राहुल गांधी और हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने जंतर-मंतर प्रदर्शन, JPSC भर्ती विवाद और रांची में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए कथित हमले को लेकर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए।
जंतर-मंतर प्रदर्शन को लेकर मरांडी ने कहा कि संसद सत्र के दौरान यदि किसी मुद्दे पर चर्चा करनी है तो उसे संसद के भीतर उठाया जाना चाहिए। उनका आरोप था कि कांग्रेस युवाओं को गुमराह कर राजनीतिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सदन में हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।
नियुक्तियों पर भी सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई
JPSC भर्ती परीक्षाओं को लेकर मरांडी ने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के कार्यकाल में आयोजित कई भर्ती परीक्षाएं विवादों में रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी रही है और सभी विवादित परीक्षाओं की CBI जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने हाल की कुछ नियुक्तियों पर भी सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।
NEET पेपर लीक मामले में केंद्र स्तर पर हुई त्वरित कार्रवाई
मरांडी ने NEET पेपर लीक मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र स्तर पर त्वरित कार्रवाई हुई, आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट की बात कही गई। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में भर्ती विवादों पर सरकार वैसी तत्परता नहीं दिखा रही है।
रांची में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए कथित पथराव की घटना की निंदा करते हुए मरांडी ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया। उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।


