गांधी जयंती के मौके पर आम आदमी पार्टी (AAP) आज मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने जा रही है। पार्टी ने अपने नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है। प्रदर्शन के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की जाएगी। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस ने जंतर-मंतर रोड पर बैरिकेडिंग कर दी है और सड़क को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। इसके अलावा जंतर-मंतर पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू किए गए हैं।
SIR को लेकर चुनाव आयोग पर विपक्ष के सवाल
AAP समेत कई विपक्षी दल मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध जता रहे हैं। विपक्षी दलों का कहना है कि SIR की प्रक्रिया के तहत बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर विपक्षी दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
AAP प्रदर्शन को अनुमति नहीं, नई दिल्ली में सुरक्षा बढ़ी; CAPF की तैनाती
गांधी जयंती के मौके पर आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को दिल्ली पुलिस ने अनुमति नहीं दी है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रदर्शन को देखते हुए नई दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस ने संभावित भीड़ को देखते हुए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवानों की भी तैनाती की है। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग की गई है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। AAP ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन का आह्वान किया है। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है। प्रदर्शन के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की जानी है।
इन 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद
प्रदर्शन के मद्देनजर जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद रहेगी। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों को इंटरचेंज की सुविधा मिलती रहेगी। यानी इन स्टेशनों पर यात्री एक मेट्रो लाइन से दूसरी लाइन में बदल सकेंगे, लेकिन स्टेशन से बाहर निकलने या अंदर प्रवेश की सुविधा बंद रहेगी।
जंतर-मंतर से पटेल चौक तक सुरक्षा बल तैनात
मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर से पटेल चौक तक पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। संभावित भीड़ को देखते हुए दंगा नियंत्रण वाहनों को भी तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रदर्शन को देखते हुए नई दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है। जंतर-मंतर के आसपास बैरिकेडिंग की गई है और यातायात को भी नियंत्रित किया जा रहा है।
ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी, इन इलाकों में जाने से बचने की सलाह
गांधी जयंती के मौके पर जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने यात्रियों और वाहन चालकों से प्रभावित इलाकों में जाने से बचने और अपनी यात्रा की पहले से योजना बनाने की अपील की है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर 2026 को जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में यातायात पर पाबंदियां और आवाजाही पर नियंत्रण लागू रहेगा। इस दौरान कनॉट प्लेस, पटेल चौक, जीपीओ, टॉल्सटॉय मार्ग, जंतर-मंतर रोड, पार्लियामेंट स्ट्रीट और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन और अन्य यातायात नियम लागू रहेंगे।
यात्रियों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे प्रभावित रास्तों पर जाने से बचें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें। जहां संभव हो, यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। वाहन चालकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और इलाके में तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सहयोग करने को कहा गया है। पुलिस ने लोगों से डायवर्जन के संकेतों और ट्रैफिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि प्रदर्शन के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
मनीष सिसोदिया बोले- मतदान का अधिकार छीना जा रहा
मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने वीडियो संदेश और बयानों के जरिए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सवाल उठाए हैं। दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एक वीडियो संदेश में लोगों से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर पहुंचना महत्वपूर्ण है। सिसोदिया ने आरोप लगाया कि अगर आज मतदान का अधिकार छीना जा रहा है तो आगे दूसरे अधिकारों पर भी असर पड़ सकता है।
संजय सिंह ने 13 करोड़ से ज्यादा नाम हटाने का दावा किया
AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दावा किया कि निर्वाचन आयोग ने देशभर में 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह छोटी संख्या नहीं है। संजय सिंह ने निर्वाचन प्रक्रिया के केंद्रीकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ निर्वाचन आयुक्तों ने भी इस प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने लोगों से अपने मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की।
आतिशी ने भाजपा पर लगाया आरोप
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने भी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार के जरिए भाजपा लोगों का मतदान का अधिकार छीनने की कोशिश कर रही है। आतिशी ने कहा कि लोकतंत्र खतरे में है और उन्होंने लोगों से 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

