जशपुर। जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय मासूम की हत्या का मामला सामने आया है। दो दिन से लापता लोढ़ेनापाठ निवासी जितेंद्र राम का शव 7 नवंबर की सुबह ग्राम सन्ना में एक खेत के गड्ढे में मिला। शव बोरी, कंबल और गोदरी में लिपटा हुआ था। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही वासुदेव उर्फ टांगनु को हिरासत में लिया है। उससे हत्या के कारणों और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, लोढ़ेनापाठ निवासी रामजीत राम ने 7 नवंबर 2026 को सन्ना थाने में अपने पांच वर्षीय बेटे जितेंद्र राम के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बच्चा 5 नवंबर से घर से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पा रहा था।
इसी बीच 7 नवंबर की सुबह ग्राम सन्ना में बहादुर नाम के व्यक्ति के खेत में बने गड्ढे में एक बच्चे का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो शव की पहचान लापता जितेंद्र राम के रूप में हुई। शव बोरी, कंबल और गोदरी में लपेटकर गड्ढे में रखा गया था।
शव मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम के बाद मामला हत्या का पाए जाने पर सन्ना पुलिस ने अपराध क्रमांक 88/2026 दर्ज किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 137(1)(ख) और 238(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेही वासुदेव उर्फ टांगनु को हिरासत में लिया है। वह गोरियापाठ चलनी का रहने वाला है। पुलिस के सामने पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि वासुदेव और मृतक के पिता रामजीत राम आपस में ममेरे भाई हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मासूम की हत्या किस वजह से की गई और घटना के पीछे क्या कारण रहे, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जानकारी जांच के आगे बढ़ने पर अलग से दी जाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

