सोनीपत। हरियाणा में वोट चोरी का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नारनौंद से कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ ने सोनीपत में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि चुनावों में बड़े पैमाने पर वोटों की हेराफेरी हुई है। उन्होंने दावा किया कि देशभर में करीब 13 करोड़ लोगों के वोट काटे गए हैं और एक विधानसभा क्षेत्र में 15 हजार से ज्यादा वोटों की चोरी हुई है।
कांग्रेस ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
सोनीपत कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव से शुरू हुआ वोट चोरी का खेल हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार और पश्चिम बंगाल तक पहुंच गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वोटों में हेराफेरी के जरिए हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने का मौका छीना गया।
उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष के सवालों का जवाब नहीं दिया जा रहा है। आयोग से जवाब मांगने पर भी संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिल रही, जबकि भाजपा के प्रवक्ता इन मुद्दों पर जवाब देते नजर आते हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई है। पार्टी अब वोट चोरी के मुद्दे को जनता के बीच ले जाने की तैयारी में है। इसके लिए ‘वोट बचाओ-देश बचाओ चौपाल’ अभियान शुरू करने का ऐलान किया गया है।
केंद्र सरकार पर भी बोला हमला
जस्सी पेटवाड़ ने केंद्र सरकार को भी निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि 12 साल के शासन में सरकार संविधान की सुरक्षा करने में नाकाम रही है। गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अगर देश में अराजकता रोकने की जिम्मेदारी सरकार नहीं निभा पा रही है तो उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस वोटों की कथित हेराफेरी के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए अभियान चलाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

