भोपाल। एशियाई खेल 2026 में मध्य प्रदेश के खिलाड़ी जय मीणा ने इतिहास रच दिया है। जय मीणा ने पुरुषों के सिंगल्स सॉफ्ट टेनिस खेल में सेमीफाइनल में जगह बनाकर भारत के लिए इस खेल में पहला एशियन गेम्स मेडल यानि ब्रॉन्ज पक्का किया है और इसे अपने नाम किया। मध्य प्रदेश के किसी खिलाड़ी द्वारा सॉफ्ट टेनिस के अंतरराष्ट्रीय मंच पर यह अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन है।
सेमीफाइनल में जापानी खिलाड़ी से मिली कड़ी टक्कर
सेफीफाइनल मुकाबले में 21 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी जय मीणा का सामना जापान के विश्वस्तरीय खिलाड़ी ताकुया कुरोसाका से हुआ। 45 मिनट तक चले इस रोमांचक मुकाबले में शुरुआत में 0-3 से पिछड़ने के बाद जय ने जबरदस्त वापसी की। उन्होंने चौथा सेट4-1 और पांचवा 6-4 से जीतकर स्कोर 2-3 कर दिया था। हालांकि छठे गेम में जापानी खिलाड़ी ने बाजी मार ली और जय मीणा 2-4 से मुकाबला हारकर ब्रॉन्ज मेडल जीतने में सफल रहे।
इससे पहले क्वार्टर-फाइनल में जय ने फिलीपींस के शेरविन नुगुइट को 4-3 के कड़े मुकाबले में हराकर अंतिम-4 में प्रवेश किया था। वहीं ग्रुप स्टेज में उन्होंने पाकिस्तान के अराइन हुसैन को 4-0 से एकतरफा मात दी थी।
देवास के पायनियर स्कूल से शुरू हुआ सफर, बॉल बॉय से एशियन चैंपियन तक
देवास के पायनियर पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान जय की शुरुआत में क्रिकेट में अधिक दिलचस्पी थी। लेकिन स्कूल में सॉफ्ट टेनिस कोर्ट देखकर उनका रुझान इस खेल की ओर हुआ। शुरुआती दिनों में वे केवल खिलाड़ियों को खेलते देखते थे और बाद में ‘बॉल बॉय’ बनकर गेंद उठाने का काम करते थे।
धीरे-धीरे उन्होंने खुद रैकेट थामा और स्कूल व जिला स्तर से खेलते हुए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचे। महज 14 साल की उम्र में जय अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने लगे थे।
36वें नेशनल गेम्स में MP को दिलाया था गोल्ड
जय मीणा ने गुजरात में आयोजित 36वें राष्ट्रीय खेलों में पुरुषों के सिंगल्स में गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। इसके अलावा उन्होंने पुरुषों की टीम और डबल्स इवेंट में भी मध्य प्रदेश को मेडल दिलाने में मुख्य भूमिका निभाई थी। इससे पहले 2025 में भी वे एशियन सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज जीत चुके हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



