कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल ट्रामा सेंटर में मेडिकल कॉलेज के डीन को थप्पड़ मारने के मामले में डॉक्टर्स के अंदर नाराजगी है। ऐसे मे डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर जूनियर डॉक्टरों ने मोर्चा खोल दिया। चार सूत्रीय मांगों को लेकर जूनियर डॉक्टरों ने आज काम बंद कर दिया। OPD प्रभावित होने की सूचना पर मेडिकल कॉलेज के डीन आरकेएस धाकड़ जूनियर डॉक्टरों से मिलने पहुंचे। इसके बाद जूनियर डॉक्टरों का प्रतिनिधिमंडल एसपी से मिला, जहां उन्हें मांगों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन मिला। फिलहाल हड़ताल खत्म कर दी गई है, लेकिन डॉक्टरों ने मांगें पूरी करने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

जयारोग्य अस्पताल और गजराराजा मेडिकल कॉलेज परिसर में डॉक्टरों की सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। बीते सोमवार को मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान ट्रामा सेंटर में एक सिरफिरे एडवोकेट मनोज शर्मा ने मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ आरकेएस धाकड़ को थप्पड़ मार दिया था, जिसके विरोध में जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन यानी JDA ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अस्पताल में हुई घटनाओं पर कार्रवाई की मांग को लेकर काम बंद कर दिया। OPD में काम बंद रहने की सूचना मिलने पर डीन आरकेएस धाकड़ खुद डॉक्टरों से चर्चा करने पहुंचे। इस दौरान सीएसपी रोबिन जैन भी मौजूद रहे। डीन से चर्चा के बाद JDA के प्रदेश सचिव धुंआराम गुर्जर के नेतृत्व में पांच जूनियर डॉक्टरों का प्रतिनिधिमंडल एसपी से मिलने पहुंचा।

प्रशासन के सामने रखी ये चार मांगें

जूनियर डॉक्टरों ने पुलिस प्रशासन के सामने चार मांगें रखी हैं। पहली मांग है कि मेडिकल कॉलेज और जयारोग्य अस्पताल परिसर में डॉक्टरों, खासकर इमरजेंसी और रात की ड्यूटी करने वाले चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। दूसरी मांग मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक पर हुए हमले के मामले में आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की है। तीसरी मांग अस्पताल और मेडिकल कॉलेज परिसर में 24 घंटे पुलिस बल की उपलब्धता के साथ स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की है। वहीं चौथी मांग अस्पताल परिसर में डॉक्टरों की वेशभूषा में घूमने वाले संदिग्ध और असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की है।

डीन की समझाइश के बाद हड़ताल खत्म, कार्रवाई के लिए 48 घंटे का दिया समय

एसपी से मुलाकात के दौरान जूनियर डॉक्टरों को उनकी चारों मांगों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन मिला। वहीं मेडिकल कॉलेज के डीन आरकेएस धाकड़ के समझाने के बाद डॉक्टरों ने फिलहाल हड़ताल खत्म कर दी। हालांकि, JDA के प्रदेश सचिव धुंआराम गुर्जर ने साफ किया है कि मांगों पर कार्रवाई के लिए 48 घंटे का समय दिया गया है। यदि तय समय में मांगें पूरी नहीं हुईं, तो जूनियर डॉक्टर प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। अब सवाल यह है कि अस्पताल में डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन क्या ठोस कदम उठाते हैं। फिलहाल हड़ताल खत्म होने से मरीजों को राहत मिली है, लेकिन 48 घंटे के अल्टीमेटम ने प्रशासन के सामने चुनौती खड़ी कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m