इंदर कुमार, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। जहां जबलपुर विकास प्राधिकरण (JDA) की एक महिला अधिकारी को शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच देकर 11 लाख की ठगी कर ली गई है। हैरानी की बात यह है कि ठगी को अंजाम देने वाला आरोपी लोकसेवा केंद्र में कार्यरत एक आउटसोर्स कर्मचारी है।

ये भी पढ़ें : 35.52 लाख का संपत्तिकर घोटाला: आरोपी कर्मचारी ने कोर्ट से लिया स्टे,  CMO के सबूत पेश करने के बाद दर्ज हुई FIR

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान शुभम श्रीवास्तव के रूप में हुई है। जो लोकसेवा केंद्र में आउटसोर्स कर्मी है। काम के सिलसिले में आरोपी का JDA की महिला संपत्ति अधिकारी से संपर्क हुआ था। जान-पहचान बढ़ने के बाद शुभम ने महिला अधिकारी को शेयर बाजार में पैसे निवेश कर बड़ा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। आरोपी की बातों में आकर महिला अधिकारी ने धीरे-धीरे कर कुल 11 लाख रूपए आरोपी को सौंप दिए।

पैसे वापस मांगने पर खुली पोल

जब काफी समय गुजर जाने के बाद भी न तो कोई मुनाफा मिला और न ही निवेश के सही दस्तावेज तो महिला अधिकारी को शक हुआ। उन्होंने जब आरोपी शुभम श्रीवास्तव से अपने 11 लाख रुपये वापस मांगे तो वह टालमटोल और आनाकानी करने लगा। आरोपी के इस रवैये से परेशान होकर आखिरकार महिला अधिकारी ने पुलिस की शरण ली।

ये भी पढ़ें : ‘सिस्टम’ ने ली नवजात की जान: निजी जांच में सब नॉर्मल, फिर भी जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने टाला ऑपरेशन, रातभर तड़पती रही मां

ओमती थाना पुलिस ने दर्ज किया मामला

महिला अधिकारी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जबलपुर की ओमती थाना पुलिस ने आरोपी शुभम श्रीवास्तव के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की डायरी कायम कर आरोपी की तलाश और आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m