कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल बिहार MLC चुनाव में पटना स्नातक सीट से जदयू के उम्मीदवार नीरज कुमार की अचानक तबीयत खराब हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार कल सोमवार को सिवान में दुर्गा पूजा के दौरान उन्हें (वर्चुअल कार्डियक) दिल के दौरा पड़ा है, जिसके बाद उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ICU में भर्ती, डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी
नीरज कुमार ICU में भर्ती हैं, जिनका 24 घंटे डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। नीरज कुमार पटना स्नातक सीट से एमएलसी हैं और पार्टी ने इस बार भी उनपर भरोसा जताते हुए चुनाव में फिर से उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया है। हालांकि, अनंत सिंह के बागी रुख अख्तियार करने से नीरज कुमार की राह थोड़ी मुश्किल नजर आ रही है। अनंत सिंह इस सीट पर पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार की जगह जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं।
पहले से हार्ट के मरीज हैं नीरज कुमार
बता दें कि नीरज कुमार पहले से ही हार्ट के मरीज हैं। ऐसे में उनकी तबीयत उस समय खराब हुई है, जब वे एमएलसी चुनाव में अनंत सिंह के विरोध का सामना कर रहे हैं। इस दौरान दोनों नेताओं में बयानबाजी भी खूब देखने को मिल रही है। एक तरफ जहां, अनंत सिंह खुलेआम यह कहते हुए घूम रहे हैं कि वह नीरज कुमार को चुनाव हराकर ही दम लेंगे। वहीं, नीरज कुमार की ओर से भी वार-पलटवार जारी है।
मैं डरने वाला नहीं, अड़ने वाला- नीरज कुमार
हालही में चुनाव प्रचार के दौरान पटना के बाढ़ में सभा को संबोधित करते हुए नीरज कुमार ने बिना नाम लिए अनंत सिंह पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि, मैं आपके बीच न्याय मांगने आया हूं। क्या मैं अपराधी हूं, गुंडा हूं? बार-बार मेरा चरित्र हनन किया जा रहा है। नीरज कुमार ने कहा कि, मैं डरने वाला नहीं, अड़ने वाला हूं। चुनाव प्रचार के दौरान नीरज कुमार ने खुद को पीड़ित बताया और कहा कि, वह हमेशा पार्टी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति ईमानदार रहे हैं।
ये भी पढ़ें- असत्य पर सत्य की जीत का पर्व विजयादशमी आज, CM सम्राट और नीतीश ने बिहारवासियों को दी बधाई

