कुंदन कुमार/पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन के अवसर पर बिहार की राजनीति में बयानों का दौर तेज हो गया है। इसी क्रम में जेडीयू कोटे से मंत्री श्वेता गुप्ता ने लालू यादव को उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं, लेकिन साथ ही विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
अभिभावक मानते हैं, पर राजनीति में स्पष्टता जरूरी
मंत्री श्वेता गुप्ता ने लालू प्रसाद यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए उन्हें अभिभावक स्वरूप बताया। उन्होंने कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर उन्हें शुभकामनाएं देना शिष्टाचार है। हालांकि व्यक्तिगत सम्मान के बावजूद, मंत्री ने विपक्षी दलों, विशेषकर तेजस्वी यादव के आरोपों को खारिज करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
पेंशन धारकों को बड़ी राहत: 10 तारीख तक भुगतान का वादा
पेंशन योजनाओं पर बात करते हुए मंत्री श्वेता गुप्ता ने कहा कि नीतीश सरकार अपने वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पेंशन की राशि को बढ़ाकर 1100 रुपया करने का जो वादा किया था उसे पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन भी लाभार्थियों की पेंशन राशि रुकी हुई है उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जा रहा है। मंत्री ने साफ कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि हर महीने की 10 तारीख तक पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित कर दी जाए। उन्होंने कहा कि सिस्टम को दुरुस्त किया गया है ताकि किसी भी बुजुर्ग या जरूरतमंद को परेशानी न हो।
तेजस्वी के दावों पर पलटवार
विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव द्वारा राज्य का खजाना खाली होने के बयान पर मंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी। श्वेता गुप्ता ने इसे बेतुका करार देते हुए कहा कि तेजस्वी यादव का कोई लॉजिक नहीं है। उन्होंने कहा वे मन में जो आता है बस बोल देते हैं। राज्य की आर्थिक स्थिति मजबूत है और विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है।
निशांत कुमार की डिग्री पर विवाद
निशांत कुमार की शैक्षणिक डिग्री को लेकर उठ रहे सवालों पर भी मंत्री ने अपनी बात रखी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजनीति में विरोधी तो कुछ न कुछ कहते ही रहते हैं। मंत्री ने तंज कसते हुए कहा बोलने वालों के मुंह को कोई नहीं रोक सकता हम अपने काम पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

