कुंदन कुमार/पटना। शहर में आगामी दिनों में आयोजित होने वाली जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की राष्ट्रीय और राज्य परिषद की बैठक को लेकर राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी तेज हो गई है। पार्टी के कद्दावर नेता और बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने इस महत्वपूर्ण बैठक के एजेंडे और पार्टी के भविष्य को लेकर संकेत दिए हैं।

​नीतीश कुमार के नेतृत्व में होगी मंथन

​मंत्री अशोक चौधरी ने स्पष्ट किया है कि पार्टी की यह आगामी बैठक पूरी तरह से नीतीश कुमार के नेतृत्व और दिशा-निर्देशन में संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि बैठक में न केवल संगठनात्मक ढांचे पर चर्चा होगी, बल्कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी लक्ष्यों पर विस्तार से मंथन किया जाएगा। पार्टी के भविष्य के रोडमैप को तैयार करने के लिए यह बैठक अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

​निशांत कुमार पर बढ़ती चर्चाएं

​बैठक को लेकर सबसे अधिक चर्चा निशांत कुमार की भूमिका को लेकर हो रही है। जब पत्रकारों ने अशोक चौधरी से निशांत कुमार के भविष्य और उनकी पार्टी में सक्रियता को लेकर सवाल किया तो मंत्री ने बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार युवा दिलों की धड़कन हैं और प्रदेश के युवाओं का उन पर अटूट भरोसा है। चौधरी के इस बयान को राजनीति के जानकारों द्वारा एक बड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बैठक के दौरान युवाओं की आकांक्षाओं उनकी उम्मीदों और उनसे जुड़े विभिन्न मुद्दों पर पार्टी गंभीरता से विचार करेगी।

​रणनीति होगी स्पष्ट

​अशोक चौधरी ने कहा कि फिलहाल अटकलों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। बैठक संपन्न होने के बाद पार्टी की आगे की कार्ययोजना, रणनीतियां और भविष्य के निर्णय पूरी तरह से सार्वजनिक कर दिए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बैठक पार्टी को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।
​पार्टी के भीतर चल रही इन हलचलों से यह स्पष्ट है कि जदयू अब पूरी तरह से युवाओं को मुख्यधारा में जोड़कर भविष्य की राजनीति तैयार करने की दिशा में अग्रसर है। अब सभी की निगाहें उस बैठक पर टिकी हैं, जिसके बाद पार्टी अपनी आगामी दिशा और दशा तय करेगी।