कुंदन कुमार/पटना। बिहार विधान परिषद चुनाव में जदयू ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता नीरज कुमार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद के दिलीप पटेल को 3060 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। नीरज कुमार को कुल 18,185 वोट मिले, जबकि दिलीप पटेल को 15,125 वोट प्राप्त हुए। इस जीत के साथ नीरज कुमार ने पटना स्नातक सीट से लगातार चौथी बार जीत हासिल की।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नीरज कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की। नीतीश कुमार ने उन्हें जीत की बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद नीरज कुमार जदयू प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां वरिष्ठ नेता संजय गांधी और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने उनका स्वागत किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी जीत का जश्न मनाया और मिठाइयां बांटीं।

8 सीटों में से 6 के नतीजे घोषित

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के चुनाव में अब तक छह सीटों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। पटना स्नातक सीट पर जदयू के नीरज कुमार ने जीत दर्ज की, जबकि कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के एनके यादव ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल कर हैट्रिक लगाई। चुनाव के परिणामों में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों का मुकाबला भी चर्चा में रहा। चार शिक्षक सीटों में भाजपा, राजद और जनसुराज को एक-एक सीट मिली, जबकि एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे। इन परिणामों में राजद के डॉ. संजीव की जीत भी अहम रही। उन्होंने करीब 30 वर्षों से विधान परिषद में प्रतिनिधित्व कर रहे नवल किशोर को हराया।

कांग्रेस का नहीं खुला खाता

विधान परिषद चुनाव के अब तक घोषित छह परिणामों में कांग्रेस अपना खाता नहीं खोल सकी है। वहीं पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार की जीत से जदयू को मजबूती मिली है। चुनाव में अनंत सिंह के करीबी माने जाने वाले अनुज सिंह तीसरे स्थान पर रहे। इन नतीजों ने बिहार विधान परिषद में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के राजनीतिक समीकरणों को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है। शेष सीटों के परिणाम आने के बाद चुनाव की पूरी तस्वीर साफ होगी।