कुंदन कुमार/पटना। दिल्ली में जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर पार्टी के युवा विधायकों की एक हाई-प्रोफाइल बैठक हुई। इस बैठक की सबसे खास बात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की मौजूदगी रही, जिन्होंने न केवल शिरकत की बल्कि युवा विधायकों को भविष्य की रणनीति भी समझाई।

​संजय झा के आवास पर रणनीतिक मंथन

​जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर हुई इस बैठक को बेहद निजी और रणनीतिक माना जा रहा है। बैठक में जेडीयू के ‘यंग ब्रिगेड’ यानी युवा चेहरों को बुलाया गया था। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस मेल-मिलाप का उद्देश्य पार्टी के भीतर नई ऊर्जा का संचार करना और आने वाले चुनावों के लिए जमीनी स्तर पर मजबूती लाना है।

​निशांत कुमार का ‘पॉलिटिकल डेब्यू’ संकेत?

​अब तक राजनीति की चकाचौंध से दूर रहने वाले निशांत कुमार का इस तरह पार्टी विधायकों के बीच सक्रिय होना चर्चा का विषय बन गया है। बैठक के दौरान निशांत ने विधायकों से सीधे संवाद किया और उन्हें पार्टी की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति समझाई। इसे जेडीयू के भीतर एक बड़े बदलाव और निशांत की भविष्य की भूमिका के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

​युवा विधायकों को मिला जीत का मंत्र

​बैठक में मौजूद विधायकों ने बताया कि चर्चा का मुख्य केंद्र पार्टी का विस्तार और युवाओं को जेडीयू से जोड़ना था। संजय झा और निशांत कुमार ने विधायकों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के टिप्स दिए।