Bihar Crime: बिहार में भ्रष्टाचारियों के खिलाफ निगरानी विभाग का ताबड़तोड़ एक्शन लगातार जारी है। ताजा मामला सीतामढ़ी से सामने आया है, जहां निगरानी टीम ने पुपरी नगर परिषद में एक जूनियर इंजीनियर को 1.5 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

नगर परिषद में मचा हड़कंप

निगरानी विभाग की इस कार्रवाई से पुपरी नगर परिषद में हड़कंप मच गया। दरअसल नगर परिषद में तैनात जेई विजय कुमार शर्मा एक संवेदक से रिश्वत की मांग कर रहा था। पीड़ित ने इसकी सूचना निगरानी विभाग को दी, जिसके बाद शिकायत की जांच में आरोपों सही पाए गए, जिसके बाद निगरानी विभाग की टीम सीतामढ़ी पहुंची और जाल बिछाते हुए घूसखोर जेई को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

निगरानी टीम ने रंगे हाथ दबोचा

संवेदक रिश्वत के 1.45 हजार रुपए देने जेई को पहुंचा था। प्लान के मुताबिक निगरानी टीम ने उन पैसों में पहले से ही केमिकल मिला रखा था। इस दौरान जैसे ही जेई ने संवेदक से पैसे लिए वहां तैनात निगरानी टीम ने उसे रंगे हाथ धर दबोचा। आरोपी जेई से पूछताछ के बाद निगरानी टीम आगे की कार्रवाई के लिए उसे अपने साथ लेकर पटना चली गई।

पटना में एडिशनल SHO हुए थे गिरफ्तार

आपको बता दें कि इससे पहले 13 मई बुधवार को राजधानी पटना में निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपर थानाध्यक्ष को एक लाख रुपए का घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। निगरानी टीम ने यह कार्रवाई जानीपुर थाने में की। घूस लेते रंगे हाथ जानीपुर थाने में तैनात एडिशनल SHO (अपर थानाध्यक्ष) संजय सिंह के गिरफ्तार होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मांगी थी 5 लाख की घूस

पीड़ित कौशल किशोर के अनुसार, जमीन संबंधित एक विवाद का निपटारे करने के लिए एडिशनल एसएचओ ने उनसे 5 लाख रुपये की डिमांड की थी। काफी मोलभाव के बाद मामला 2 लाख रुपये पर तय हुआ। इस बीच आरोपी पुलिस अधिकारी आज बुधवार को गाजाचक मोहम्मदपुर पंचायत के कोरियावां प्लॉट पर सर्वे और खूंटा गड़वाने के सिलसिले में पहुंचे थे।

पीड़ित ने इस भ्रष्टाचार के खिलाफ दो दिन पहले ही निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। विभाग द्वारा मामले के सत्यापन के बाद डीएसपी अरुणोदय पांडे के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। जैसे ही संजय सिंह ने पीड़ित से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 1 लाख रुपये पकड़े, घात लगाकर बैठी निगरानी की टीम ने उन्हें दबोच लिया। वहीं, आज सीतामढ़ी में घूस लेते हुए जई रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ है।

ये भी पढ़ें- पटना में मॉर्निंग वॉक पर निकले विधायक के भाई से सरेराह लूट, बदमाशों ने गले से खींची 3 लाख की चेन