राकेश कथूरिया, कैथल. जेईई एडवांस्ड 2026 के घोषित परिणामों में आकाश एजुकेशनल सर्विसेज लिमिटेड (एईएसएल), कैथल सेंटर के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया है। सेंटर के कुल 5 विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस्ड परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है। सेंटर के छात्र हरि अग्रवाल ने 242 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) 370 हासिल की और क्षेत्र के शीर्ष प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में अपनी जगह बनाई।

वहीं प्रथम गर्ग ने 207 अंकों के साथ एआईआर 1099 प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। इसके अलावा प्रिंस ने एआईआर 15878, रितिक ने एआईआर 18596 तथा परमीत सिंह ने भी परीक्षा में सफलता हासिल कर संस्थान का गौरव बढ़ाया।
कैटेगरी रैंक में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। रितिक ने जनरल-ईडब्ल्यूएस श्रेणी में 2604वीं तथा परमीत सिंह ने 5904वीं रैंक प्राप्त की। सभी सफल विद्यार्थी आकाश के क्लासरूम प्रोग्राम से जुड़े रहे, जहां उन्हें अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में परीक्षा की तैयारी कराई गई।


सफल विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय आकाश की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित टेस्ट सीरीज, अध्ययन सामग्री, मॉक टेस्ट और शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन और माता-पिता को दिया।
सीनियर असिस्टेंट डायरेक्टर रणजीत सिंह चौहान ने कहा कि जेईई एडवांस्ड 2026 में विद्यार्थियों की शानदार सफलता संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्रों को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने की प्रेरणा देगी। संस्थान भविष्य में भी विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराता रहेगा। ब्रांच मैनेजर दुर्गेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने सफल छात्रों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सही दिशा में किए गए प्रयास हमेशा सफलता दिलाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि ये विद्यार्थी आगे भी नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान ढोल की थाप पर बच्चों ने जमकर नृत्य कर अपनी खुशी का इजहार किया। सफलता के इस उत्सव में पूरे परिसर का माहौल उत्साह और उल्लास से भर गया। स्टाफ सदस्यों ने सफल विद्यार्थियों का मुँह मीठा करवाकर, पगड़ी पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

खुशी के इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ केक काटकर उनका हौसला बढ़ाया गया। सभी ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए इस सफलता का जश्न मनाया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने संस्थान द्वारा दिए गए मार्गदर्शन, शिक्षकों के सहयोग और सकारात्मक शैक्षणिक माहौल की सराहना करते हुए सफलता का श्रेय मेहनत और उचित मार्गदर्शन को दिया।विद्यार्थियों ने कहा कि संस्थान द्वारा प्रदान की गई शैक्षणिक सहायता और अभिभावकों के सहयोग ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


इस अवसर पर एईएसएल के डिप्टी रीजनल डायरेक्टर विकास फुटेला ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान प्रतिभाओं को निखारने और विद्यार्थियों को उनके शैक्षणिक लक्ष्यों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि आकाश एजुकेशनल सर्विसेज लिमिटेड ने पिछले तीन वर्षों में जेईई एडवांस्ड परिणामों में लगातार सुधार दर्ज किया है। वर्ष 2026 में संस्थान के एक विद्यार्थी ने टॉप-10 रैंक हासिल की, जबकि टॉप-50 में 5, टॉप-100 में 11 और टॉप-200 में 25 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया। यह उपलब्धि संस्थान की मजबूत शैक्षणिक व्यवस्था और उत्कृष्ट परिणामों का प्रमाण मानी जा रही है।


उल्लेखनीय है कि जेईई एडवांस्ड परीक्षा देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) में प्रवेश का प्रमुख माध्यम है और इसे दुनिया की सबसे कठिन इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में से एक माना जाता है। इस मौके पर रिजनल सेल्स ग्रोथ हैड अशोक कुमार भारद्वाज, एसिस्टेंट डायरेक्टर राकेश कुमार आदि उपस्थित रहे।