JEE Main Result : भुवनेश्वर। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा घोषित जेईई मेन के परिणामों में ओडिशा के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। राज्य के भावेश पात्रा ने 100 परसेंटाइल अंक प्राप्त कर न केवल ओडिशा में टॉप किया है, बल्कि अखिल भारतीय स्तर पर 13वीं रैंक (AIR 13) हासिल कर राज्य का मान बढ़ाया है।

अपनी सफलता का श्रेय निरंतर अभ्यास को देते हुए भावेश ने बताया कि वे प्रतिदिन 8 से 10 घंटे पढ़ाई करते थे और उन्होंने तैयारी के दौरान सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाए रखी थी। अब उनका अगला लक्ष्य जेईई एडवांस्ड (JEE Advanced) क्रैक करना है। भावेश के अलावा सक्षमसिंह पात्रा ने ऑल इंडिया 225वीं रैंक के साथ ओडिशा में दूसरा स्थान प्राप्त किया है, जबकि अर्यस्मन प्रधान AIR 563 के साथ राज्य के तीसरे टॉपर बने हैं।

गौरतलब है कि ओडिशा के छात्रों का यह बेहतरीन प्रदर्शन पिछले साल भी देखने को मिला था, जब ओम प्रकाश बेहरा ने जेईई मेन 2025 में ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल कर पूरे देश में अपनी विशेष पहचान बनाई थी। 12 जनवरी 2008 को भुवनेश्वर में जन्मे ओम प्रकाश ने अपनी कड़ी मेहनत से लाखों छात्रों के लिए एक मिसाल पेश की थी।