हिसार। बहुचर्चित जीवन कुंडू हत्याकांड में हिसार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई खाप पंचायतों और किसान संगठनों की ओर से दिए गए 13 अगस्त तक के अल्टीमेटम के आखिरी दिन की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गजेंद्र उर्फ गज्जू पंडित निवासी भाटला और साहिल निवासी सिंघवा राघो के रूप में हुई है।

हिसार पुलिस के पीआरओ की ओर से दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए प्रेस नोट जारी किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तस्वीरें भी जारी की हैं। हालांकि, दोनों को किस स्थान से पकड़ा गया, इसकी जानकारी पुलिस ने अभी सार्वजनिक नहीं की है।

पुलिस के मुताबिक इस मामले में सूर्यनगर निवासी रमेश शर्मा अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी हिसार सिद्धांत जैन के मार्गदर्शन में 10 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। ये टीमें हिसार के अलावा हरियाणा के दूसरे जिलों और पड़ोसी राज्यों में भी आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थीं। पुलिस ने सभी वांछित आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया है।

पुलिस के अनुसार जीवन कुंडू हत्याकांड में अब तक कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं फरार आरोपियों की सूचना और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पीड़ित परिवार की सुरक्षा को देखते हुए उनके घर पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ व्यक्तिगत सुरक्षा भी उपलब्ध कराई गई है।

गोबर डालने के विवाद से शुरू हुआ था मामला

जानकारी के अनुसार हिसार के सूर्यनगर की गली नंबर-5 में जीवन कुंडू की डेयरी थी। करीब डेढ़ महीने पहले गोबर डालने को लेकर जीवन और उसके पड़ोसी रमेश के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद डेयरी में खोर बनाने को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि इसी विवाद के दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। इस दौरान रमेश पक्ष के लोगों पर जीवन की पत्नी अमन के साथ बरछी से हमला करने का आरोप लगा था। घटना के संबंध में पुलिस ने रमेश के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और बढ़ गया और इसी घटनाक्रम के बीच जीवन कुंडू की हत्या कर दी गई।

महापंचायत ने दिया था 13 अगस्त तक का अल्टीमेटम

जीवन कुंडू हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर खाप पंचायतों और किसान संगठनों ने महापंचायत के जरिए पुलिस प्रशासन को 13 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया था। पंचायत की ओर से चेतावनी दी गई थी कि तय समय तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो टोल फ्री कराने और मुख्यमंत्री के विरोध जैसे कदम उठाए जाएंगे।

अल्टीमेटम की समयसीमा खत्म होने से पहले ही पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस की नजर फरार रमेश शर्मा की गिरफ्तारी पर है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m