Jeevan Murder Case Hisar : हिसार/हांसी। जीवन हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर बनाई गई समिति और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बीच हुई वार्ता सफल रही है। समिति के सदस्य और पूर्व सरपंच रवि कुंडू ने बातचीत के बाद बताया कि सरकार ने समिति की सभी प्रमुख मांगों को मानने का आश्वासन दिया है।
रवि कुंडू के मुताबिक, 15 अगस्त को हांसी में लोगों के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमे वापस लेकर रद्द किए जाएंगे। इसके अलावा जीवन हत्याकांड के मुख्य आरोपी रमेश अत्री की गिरफ्तारी को लेकर भी सरकार की ओर से ठोस आश्वासन दिया गया है।
वार्ता में हांसी में पकड़े गए सभी वाहनों को उनके मालिकों को वापस लौटाने की मांग भी मान ली गई है। साथ ही पीड़ित जीवन के परिवार की मदद करने का भी आश्वासन सरकार की ओर से दिया गया है।
इधर, जीवन का अंतिम संस्कार आज किनाला में किया जाएगा। न्याय समिति और परिवार की ओर से लंबे समय से मामले में कार्रवाई और न्याय की मांग की जा रही थी। अब मुख्यमंत्री के साथ हुई वार्ता के बाद समिति ने सरकार के आश्वासन को स्वीकार किया है।
समिति सदस्य रवि कुंडू ने बताया कि सरकार ने न्याय समिति की सभी मांगों पर सहमति जताई है। अब लोगों को उम्मीद है कि हत्याकांड के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और अन्य मांगों पर सरकार जल्द कार्रवाई करेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


