Don’t make a mountain out of a molehill. छोटी-बड़ी घटनाओं का समुच्चय होता है जीवन। इनमे कुछ विपरीत बातें ऐसी होती हैं जिन्हें उसी समय समझदारी से सुलझाया जा सकता है लेकिन हम अपनी तीक्ष्ण प्रतिक्रिया, क्रोध या अहंकार के कारण उन्हें अनावश्यक रूप से बड़ा बना देते हैं। एक छोटी-सी गलतफहमी कभी-कभी एक बड़ा और कभी ना सुलझने वाला विवाद का रूप ले लेती है और एक मामूली मतभेद रिश्तों में दूरी पैदा कर देता है।Don’t sweat the small stuff. यानी छोटी-छोटी बातों को लेकर परेशान न हों। एक समझदार व्यक्ति समस्या की गंभीरता को पहचान कर किसी बात को संकट नहीं बनने से रोकता है।

A storm in a teacup. का मतलब होता है छोटी-सी बात पर बड़ा हंगामा ना उठाएँ। एक कण जितनी बात को पहाड़ न बनाइए, किसी मामूली समस्या या विवाद को आवश्यकता से अधिक महत्व या तूल देकर उसे बड़ा विवाद नहीं बनाना चाहिए। स्मरण रहे हर बात का जवाब देना आवश्यक नहीं होता और हर असहमति को द्वंद्व में बदलना भी बुद्धिमानी नहीं है।अक्सर पुरानी बातें ही नए विवाद की जननी होती हैं इसके लिए कहा जाता है Let sleeping dogs lie. अर्थात् बीती हुई या शांत हो चुकी बातों को अनावश्यक रूप से न छेड़ें।

जीवन में शांति और संतुलन बनाए रखने के लिए यह समझना अति आवश्यक है कि कौन-सी बात वास्तव में महत्वपूर्ण है और कौन-सी बात समय के साथ अपने आप समाप्त हो जाने वाली हैं। कई बार मौन, धैर्य और थोड़ी-सी समझदारी उस विवाद को रोक सकती है जिसे क्रोध कई गुना बढ़ाने का काम करता है।

क्षमा वीरस्य भूषणम्। इस श्लोक को हमेशा स्मरण में रखना चाहिए इसका अर्थ है क्षमा वीर और महान व्यक्ति का आभूषण होता है। रिश्ते शब्दों से नहीं बल्कि समझदारी से सुरक्षित रहते हैं। जिस तरह बड़ी समस्या का समाधान साहस मांगता है उसी तरह छोटी-छोटी बातों से तैयार विवाद विवेक मांगता है। किसी भी बात की प्रतिक्रिया देने से पहले स्वयं से यह पूछा जाना चाहिए कि क्या यह बात वास्तव में इतनी बड़ी है? यदि उत्तर ‘नहीं’ है तो उस बात और विषय को वहीं तिरोहित कर देना चाहिए।

संदीप अखिल

सलाहकार संपादक

न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H