जीवन सूक्त : “Forewarned is forearmed.” का मतलब ही यही होता है कि “पहले से मिली चेतावनी हमें संकट के लिए तैयार करती है।” इंसान के अनिश्चित जीवन में संकट कभी बता कर नहीं आता। मगर फिर भी बहुत सा कठिन समय अपने आने के संकेत बहुत पहले से दिखाने लगता है और अक्सर हम उसे अनदेखा कर देते हैं। ऐसी छोटी-सी लापरवाही आगे चलकर बड़ी परेशानी बन सकती है।
“बुद्धिः कर्मानुसारिणी।” इस संस्कृत वाक्य का अर्थ है बुद्धि को परिस्थिति और कर्म के अनुरूप उपयोग करना चाहिए। बुद्धिमानी केवल संकट आने के बाद उससे लड़ने की कुशलता नहीं बल्कि उसकी आहट को समय रहते पहचान लेने में है। स्मरण रहे चेतावनी डराने के लिए नहीं सजग करने के लिए होती है। “An ounce of prevention is worth a pound of cure.” संकट से पहले बरती गई थोड़ी-सी सावधानी बाद में बड़े समाधान से अधिक उपयोगी होती है। “ क्षिप्रं हि मानुषे लोके विद्या भवति दुर्लभा।” इसका सार यह है कि मनुष्य को उचित अवसर और ज्ञान का सदुपयोग, समय रहते करना चाहिए। जिस प्रकार मौसम की चेतावनी से यात्रा की योजना बदली जाती है, स्वास्थ्य संबंधी चेतावनी से सेहत को लेकर सावधानी बरती जाती है और किसी संबंध में बढ़ती दूरी दिखाई दे तो संवाद से गलतफहमी दूर की जाती है। इसी प्रकार जीवन के हर क्षेत्र में पूर्व संकेत हमें बेहतर निर्णय लेने का अवसर देते हैं।
जीवन का हर पल भय के साथ नहीं जिया जा सकता बल्कि उसे परिस्थितियों को समझकर पूर्व तैयारी के साथ जीता जाना चाहिए।जिस तरह नाविक तूफान आने से पहले नाव को सुरक्षित करता है उसी तरह समझदार मनुष्य संकट आने से पहले अपने विवेक, धैर्य और संसाधनों को तैयार रखता है। “Better safe than sorry.” का आशय है बाद में पछताने से बेहतर है पहले सावधानी बरतना। चेतावनी देने वालों को इतना अभयदान अवश्य दिया जाना चाइए कि वे निर्भय होकर आपको सचेत कर सकें इस तथ्य को समझाने के लिए रामचरितमानस का यह प्रसिद्ध दोहा बहुत प्रासंगिक है
“सचिव बैद गुरु तीनि जौं, प्रिय बोलहिं भय आस।राज धर्म तन तीनि कर, होइ बेगिहीं नास॥
इसका अर्थ है मंत्री, वैद्य और गुरु यदि भय या स्वार्थवश केवल प्रिय बातें कहें और सही चेतावनी न दें तो यह राज्य, स्वास्थ्य और धर्म के नाश हो सकता है। चेतावनी चाहे जैसी भी हो उसे नकारना नहीं चाहिए वस्तुतः समय रहते जाग जाना ही वास्तविक सुरक्षा है। “A stitch in time saves nine.” इसका अर्थ है समय पर की गई छोटी सुधार बड़ी परेशानी से बचाने वाली होती है। जीवन का एक सरल मंत्र हमेशा याद रखें संकेतों को पहचाना है, सही समय पर संभलना है और भविष्य की कठिनाइयों के लिए आज ही तैयार होना।

संदीप अखिल
सलाहकार संपादक
न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

