एक सुखी, संतुष्ट और सफ़ल जीवन का सर्वोत्तम मंत्र ही यही होना चाहिए कि “Best की Hope और Worst की तैयारी”. जीवन स्वेच्छा से नहीं चलता. परिस्थितियाँ शत-प्रतिशत कभी अनुकूल नहीं होती हैं, अगर अनुकूल हुई भी तो अचानक ऐसी चुनौतियाँ सामने आ जाती हैं जो हर कल्पना से परे होती हैं. जीवन को सफल और संतुलित ढंग से जीने का एक मात्र सुंदर मंत्र है “Hope for the best, prepare for the worst…” अर्थात् “सर्वोत्तम की आशा तो रखें लेकिन विपरीत परिस्थिति के लिए तैयार भी रहें.” आशावाद जीवन की आंतरिक शक्ति है. उम्मीदें हैं आगे बढ़ने, सपने देखने और कठिन रास्तों पर भी विश्वास बनाए रखने की मूल्यवान प्रेरणा. ऐसा भी कहा जाता है कि “Forewarned is forearmed…” यानी पहले से चेतावनी मिलने पर व्यक्ति बेहतर तैयारी कर सकता है मगर अनुकूल परिस्थिति में भी चेतावनी ढूँढने की कुशलता सभी को पैदा करनी ही चाहिए. अच्छे परिणाम की कामना करने के साथ ही संभावित कठिनाइयों का सामना करने के लिए स्वयं को तैयार रखना चाहिए.
“By failing to prepare, you are preparing to fail…” अंग्रेज़ी के इस प्रसिद्ध कहावत का अर्थ है तैयारी न करना असफलता की तैयारी करने जैसा है. एक किसान अच्छी फसल की आशा कर सकता है लेकिन मौसम की अनिश्चितता को भी ध्यान में रखता है. परीक्षा कक्ष में जाकर एक विद्यार्थी हर तरह के सवालों के लिए खुद को मानसिक रूप से तैयार रखता है . जीवन को भी ऐसे ही संतुलन की आवश्यक होती है जिसमें आशा मन को मजबूत करे और तैयारी व्यक्तित्व को सक्षम बनाए. “Expect the unexpected.” अप्रत्याशित परिस्थितियों के लिए भी तैयार रहना चाहिए.
क्षिप्रं भवति धर्मात्मा शश्वच्छान्तिं निगच्छति। संस्कृत के इस सुभाषित का अर्थ यही है कि सही मार्ग पर दृढ़ता से चलने वाला अंततः शांति प्राप्त करता है. विपरीत परिस्थितियों से डरने के बजाय उनके लिए मानसिक तैयारी संकट आने पर घबराहट को कम करती है और निर्णय लेने की क्षमता को बढ़ाती है. “Better safe than sorry…” इसका आशय है बाद में पछताने से बेहतर है पहले ही सावधानी बरतना. जीवन में सकारात्मक सोच रखिए, अच्छे भविष्य का सपना देखिए, लेकिन सावधानी और तैयारी को कभी मत छोड़िए. आशा हमें मंजिल तो दिखा सकती है लेकिन उस मंजिल तक पहुँचने योग्य हमें हमारी तैयारी ही बनाती है.

संदीप अखिल
सलाहकार संपादक
न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

