“The wisest man is he who knows he knows nothing…” जितना अधिक ज्ञान मिलता है उतनी ही अपनी अज्ञानता की अनुभूति होती है इसके लिए अंग्रेज़ी की एक प्रसिद्ध पंक्ति है “The more you know, the more you realize you don’t know.” ज्ञान मनुष्य को बुद्धिमान के साथ ही साथ विनम्र भी बनाता है। सच्चा ज्ञान जब भीतर उतरता है तो व्यक्ति को दूसरों से बड़ा साबित करने की इच्छा स्वमेव ही समाप्त हो जाती है और स्वयं को और बेहतर समझने की जिज्ञासा पैदा होती है।
The more you know, the more you realize you don’t know. इस पंक्ति का अर्थ है जितना अधिक जानेंगे उतना ही अपनी अज्ञानता का बोध होगा। अधूरा या उधार का ज्ञान अहंकार को जन्म देता है कहा गया है “A little knowledge is a dangerous thing.” यानी थोड़ा या अधूरा ज्ञान कई बार खतरनाक हो सकता है। अज्ञानेनावृतं ज्ञानं तेन मुह्यन्ति जन्तवः इसका आशय है अज्ञान, ज्ञान को छुपा लेता है और मनुष्य भ्रमित हो जाता है।
“बिनु सत्संग विवेक न होई। राम कृपा बिनु सुलभ न सोई॥
सठ सुधरहिं सत्संगति पाई। पारस परस कुघात सुहाई॥”
रामचरितमानस की इस प्रसिद्ध चौपाई का संदेश है कि सत्संग के बिना मनुष्य को सही-गलत की पहचान या विवेक प्राप्त नहीं होता। और ईश्वर की विशेष कृपा के बिना ऐसा सत्संग नहीं मिलता। जिस प्रकार पारस पत्थर के स्पर्श से साधारण लोहा भी सुंदर सोना बन जाता है, उसी प्रकार दुष्ट या मूर्ख व्यक्ति भी सत्संगति से सज्जन बन जाते हैं। स्मरण रहे ज्ञान का अहंकार बहुत सूक्ष्म होता है और अज्ञानता से भी ज़्यादा ख़तरनाक।
व्यक्ति को पता भी नहीं चलता और उसका व्यवहार श्रेष्ठता के भाव से भर जाता है। लेकिन जब वह गहराई से अध्ययन करता है अनुभवी लोगों को सुनता है और जीवन को समझने की चेष्ठा करता है तब उसे अनुभूति होती है कि ज्ञान का संसार कितना विशाल है और उसकी अपनी समझ कितनी सीमित। सच्चा ज्ञान वाचालता नहीं, विवेक देता है, विवाद नहीं, संवाद में सक्षम बनाता है और अहंकार नहीं, विनम्रता पैदा करता है। ज्ञान को अपनी प्रतिष्ठा का कारण नहीं बल्कि अपने आत्म-विकास का साधन बनाइए।
न हि ज्ञानेन सदृशं पवित्रमिह विद्यते।इसका अर्थ है इस संसार में ज्ञान के समान पवित्र कुछ भी नहीं है और Learning never ends. का मतलब होता है सीखने की कोई अंतिम सीमा नहीं होती। इस सच्चाई को हमेशा याद रखिए जो व्यक्ति स्वीकार कर लेता है कि “मुझे अभी बहुत कुछ सीखना है” उसके लिए सीखने के द्वार कभी बंद नहीं होते।

संदीप अखिल
सलाहकार संपादक
न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

