It is better to light a candle than to curse the darkness…. हज़ारों दीप जलाने से भी उतना उजाला प्रतीत नही होगा जितना हृदय में सद्बुद्धि, सद्भाव और सेवा का दीप जलाने से हो सकता है आज संध्या काल में एक दीप बाहर जलाएं और एक दीया अपने भीतर।
दीप जलाने, मिठाइयां बांटने और आतिशबाजी चलाने के अलावा दिवाली जीवन को प्रकाशमय बनाने का महान संदेश है। कार्तिक अमावस्या की काली रात में अंधकार से प्रकाश, अज्ञान से ज्ञान और निराशा से आशा की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाला है यह पर्व। कुछ अदभुत संयोगों ने इस दिन को और भी विशेष बनाया हुआ है जैसे प्रभु श्रीराम का वनवास से अयोध्या लौटना, समुद्र मंथन से माता लक्ष्मी का प्राकट्य और माँ काली के द्वारा बुराई, अहंकार और नकारात्मक शक्तियों का विनाश करना। दीपावली का धार्मिक महत्व तो सभी जानते हैं मगर इस पर्व की सार्थकता इस बात पर है कि हम इसके सामाजिक और आर्थिक महत्व को कितना समझ पा रहे हैं।
अँग्रेज़ी की इस सुंदर पंक्ति को पढ़िए A candle loses nothing by lighting another candle. यह है दिवाली का सर्वोत्तम संदेश कि दूसरों को प्रकाश देने से अपना प्रकाश कम नहीं होता। पुराने मनमुटाव भुलाकर रिश्तों में मिठास घोलें। यह पर्व स्थानीय बाजारों, व्यापारियों, कारीगरों, छोटे दुकानदारों और उद्योगों के लिए नई उम्मीद लेकर आती है। मिट्टी के दीये सहित सभी त्योहारी वस्तु स्वदेशी उत्पादकों से ख़रीद कर उन्हें प्रोत्साहित करें।
इस अवसर के लिए यह पंक्ति बिलकुल सही है Happiness shared is happiness doubled. बांटने से खुशियां दोगुनी हो जाती हैं। दिवाली में दोनो ही पूजे जाते है समृद्धि की प्रतीक लक्ष्मी और शक्ति स्वरूपा मां काली इनका संदेश है जीवन में धन के साथ विवेक और शक्ति के साथ संयम भी जरूरी है। Wealth is not his that has it, but his that enjoys it. धनवान वही है जिसके पास धन भी है और जो उसका सदुपयोग करना भी जानता है।
उत्सव के उल्लास में पर्यावरण, स्वास्थ्य और सुरक्षा को न भूलें। ध्वनि और वायु प्रदूषण से यथा सम्भव राष्ट्र को बचाएँ।आज के शुभ अवसर में याद किया जाने वाला सबसे शुभ श्लोक है। शुभं करोति कल्याणम् आरोग्यं धनसंपदा। शत्रुबुद्धिविनाशाय दीपज्योतिर्नमोऽस्तु ते॥

संदीप अखिल
सलाहकार संपादक
न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

