जीवन सूक्त : अक्सर लोग इसलिए परेशान नहीं होते कि उनके पास कुछ नहीं है बल्कि इसलिए हताश होते हैं कि वे सब कुछ तुरंत पाना चाहते हैं। सफलता जल्दी मिले, पैसा जल्दी आए, रिश्ते जल्दी से सुधर जाएँ और जिंदगी रातों रात बदल जाए। मगर हम भूलते हैं कि प्रकृति का भी अपना नियम है। बीज बोने के अगले ही दिन पेड़ नहीं बन जाता उसे मिट्टी में छिपकर अंधेरा सहना पड़ता है, जड़ों को गहरे तक ज़माना पड़ता है और धीरज रखना होता है। प्रत्येक जीवन एक बीज की तरह है।
सौरज धीरज तेहि रथ चाका। सत्य सील दृढ़ ध्वजा पताका॥
धैर्यपूर्वक लक्ष्य की ओर बढ़ने को प्रेरित करने वाली गोस्वामी तुलसीदास रचित इस पंक्ति में प्रभु श्रीराम के विजय-रथ का वर्णन करते हुए साहस और धैर्य को उसका पहिया बताया गया है। स्मरण रखिए आज का संघर्ष कल की बड़ी सफलता बन सकती है बशर्ते जल्दीबाज़ी ना की जाए। अपने जीवन यात्रा की तुलना दूसरों से भूल कर भी न करें। किसी का सूर्योदय तुमसे पहले हो गया इसका अर्थ यह नहीं होता कि तुम्हारे जीवन में उजाला ही नहीं होगा। “Good things come to those who wait.” इसका अर्थ स्पष्ट है प्रतीक्षा करने वालों को अक्सर अच्छे परिणाम ही मिलते हैं। हर व्यक्ति का रास्ता, परिस्थितियाँ और सफलता का समय अलहदा हो सकता है मगर देर होना कभी भी असफलता नहीं है और प्रतीक्षा करना किसी दशा में कमजोरी नहीं है। इंतजार के दिनों को निराशा होने की जगह इस समय को आत्मनिर्माण में लगाइए, अपना ज्ञान बढ़ाइए, चरित्र मजबूत कीजिए, मन को शांत रखिए और अपने कर्मों के प्रति ईमानदार रहिए।
“Rome was not built in a day.” इस proverb के आधार पर बड़ी उपलब्धियाँ हासिल करने में समय और निरंतर प्रयास लगते हैं। वांछित फल के लिए पेड़ को दोष नहीं दिया जाता बल्कि उसे पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए। स्वयं के साथ भी ऐसा ही करो, आज परिस्थितियाँ प्रतिकूल है तो निराश न हों। धीरज रखिए, मेहनत कीजिए और विश्वास बनाए रखिए कि आपका प्रतीक्षित क्षण आपकी ओर चला आ रहा है। सही समय जब आए तब समय का सदुपयोग करके आप केवल अवसर पाने वाले नहीं बल्कि उस अवसर के योग्य भी बन चुके हो। सफलता मिलना और सफ़ल बने रहना दो अलग बात है जिस तरह शिखर तक पहुँचाना और शिखर में बने रहना। इसीलिए मन चाही बड़ी सफलता के लिए खुद को तैयार करना बहुत आवश्यक है। भीतर की जीवित सम्भावनाएँ ही जीवन का आधार है।

संदीप अखिल
सलाहकार संपादक
न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

