गौरव जैन, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या और सोना-चांदी की लूट के सनसनीखेज मामले का खुलासा आज आईजी राम गोपाल गर्ग ने किया है। बिलासपुर रेंज और जीपीएम पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना 26 मई 2026 की शाम करीब 7 बजे कोटमीकला साप्ताहिक हाट बाजार में हुई थी। जानकारी के अनुसार, ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी बाजार से लौटने की तैयारी में थे, तभी आरोपियों ने सोना-चांदी से भरे बैग को लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने अवैध हथियार से उन पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी जेवरात से भरा बैग लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे।


रेकी के बाद लूट की बनाई योजना
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी खुशीराम साहू ने अपने भतीजे राजाराम साहू के साथ मिलकर बिहार-झारखंड के परिचित राहुल नामक आरोपी से संपर्क किया था। आरोपियों ने पहले साप्ताहिक बाजार में आने वाले ज्वेलरी व्यापारियों की रेकी की और फिर लूट की योजना बनाई। 23 मई को सभी आरोपी बिटकुला में एकत्र हुए और वारदात की रणनीति तैयार की। घटना वाले दिन वे देवरीखुर्द पहुंचे और व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद हत्या और लूट की घटना को अंजाम दिया।
लूट के बाद जेवरों का किया गया था बंटवारा
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी देवरीखुर्द स्थित गया प्रसाद रजक के घर पहुंचे, जहां लूटे गए आभूषणों का आपस में बंटवारा किया गया। घटना से जुड़े सबूत मिटाने के लिए पैकिंग सामग्री को पास की टेकरी में जलाकर नष्ट कर दिया गया था।पुलिस ने इस मामले में आरोपी खुशीराम साहू, राजाराम साहू और गया प्रसाद रजक को गिरफ्तार किया है। वहीं राहुल, संजय, राजू समेत अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को दूसरे राज्यों में रवाना किया गया है।

देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, लूटे गए जेवरात और 3 मोबाइल बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, लूटे गए जेवरात का हिस्सा तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस अंधी हत्या और लूटकांड की गुत्थी सुलझाने में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा, एसडीओपी मरवाही राजेश देवांगन, एसडीओपी पेण्ड्रा श्याम सिदार, सायबर सेल एवं एसीसीयू बिलासपुर सहित विभिन्न टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।
परिजनों ने की है सीबीआई जांच की मांग
बता दें कि छत्तीसगढ़ के गौरेला पेंड्रा मरवाही कोटमी के बाजार में सराफा व्यवसायी प्रदीप सोनी की हत्या के मामले में छह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ हत्यारों का कोई भी सुराग नहीं लग पाया था। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के नेतृत्व में पीड़ित परिवार के सदस्यों ने कलेक्टर से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने पुलिसिया कार्रवाई पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की उच्च स्तरीय सीबीआई (CBI) जांच कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा था।
मृतक की बेटी ने कहा – कातिलों का एनकाउंटर किया जाए
कलेक्टर कार्यालय पहुंचे पीड़ित परिवार ने कहा था कि घटना के छह दिन बाद भी आरोपियों का सुराग न मिल पाना स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा तंत्र पर बड़ा सवालिया निशान है। मुलाकात के दौरान मृतक प्रदीप सोनी की शोकाकुल बेटी का गुस्सा और दर्द साफ नजर आया। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि उसके पिता के कातिलों को समाज में रहने का कोई हक नहीं है, उनका तत्काल एनकाउंटर किया जाना चाहिए।
फरार आरोपियों का सुराग देने वालों को दिया जाएगा इनाम : आईजी
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के कोटमी साप्ताहिक बाजार में हुए बहुचर्चित ज्वेलरी व्यापारी हत्याकांड के आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। बिलासपुर रेंज के आईजी (IG) राम गोपाल गर्ग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपियों का सुराग देने वालों को 30,000 का इनाम देने का ऐलान किया था।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

