नीलेश भानपुरिया, झाबुआ। Jhabua Crime: महंगे शौक, अय्याशी और पैसों की जरूरत इंसान को किस हद तक हैवान बना देती है। इसका उदाहरण पेटलावद के गांव कोदली में हुए जघन्य हत्या और चोरी की वारदात में देखने को मिला। गांव कोदली में 5 मई को अज्ञात आरोपियों द्वारा जघन्य हत्या और चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। घटना का खुलासा चौंकाने वाला है। घटना में 6 साल के बालक की निर्मम हत्या और चोरी उनके ही रिश्तेदार द्वारा की गई। मामले का खुलासा करते हुए एसपी देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि घटना के दोनो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दादी-पोते पर फावड़े से हमला, मासूम की मौत
घटना 5 मई की दोपहर की है, जहां परिवार के मुखिया कुशालसिंह नायक और अन्य परिजन गुजरात शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। घर पर केवल बुजुर्ग महिला रमिला बाई और उनका पोता उत्कर्ष अकेले थे। दोपहर करीब 2 बजे अज्ञात बदमाशो ने घर में घुसकर दादी और पोते पर फावड़े से ताबड़तोड़ हमला किया था। हमला इतना बर्बर था कि उत्कर्ष की मौके पर ही मौत हो गई थी।
मारपीट में निकाली महिला की आंख
वहीं मारपीट में रमिला बाई की आंख तक बाहर निकल आई थी। दोपहर 3 बजे जब घटना की जानकारी आसपास के लोगों को लगी तो क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। दुर्घटना के बाद से ही कोदली गांव सहित आसपास के क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल था। आरोपियों को पकड़ने की मांग लगातार तेज होती जा रही थी कि एसपी देवेंद्र पाटीदार द्वारा घटना का खुलासा करने के एक दिन पूर्व पेटलावद थाने और चौकियों का निरीक्षण किया गया और सख्त निर्देश दिए गए थे की घटना के आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाए।
पीड़िता का भतीजा निकला आरोपी
तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने मामले मुखबिर तंत्र सक्रिय किए। घटना के खुलासे में घायल दादी रमिला की भूमिका महत्वपूर्ण रही। घायल रमिला ने पुलिस को इशारों से हत्यारों तक पहुंचाया, जिसके बाद पुलिस ने जितेंद्र उर्फ जीतू पिता शंकर नायक निवासी छायन (राणापुर) और चिराग पिता राजेश नायक ग्राम कोदली को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार होने के बाद आरोपियों ने बताया कि रमिला बाई उनकी मौसी है।
घर में किसी के न होने का उठाया फायदा
उन्हें खबर लगी कि 5 मई के दिन घर पर कोई नहीं है जिसका फायदा उठाते हुए आरोपियों अपनी मौसी के घर पहुंचे। उन्होंने 6 वर्षीय उत्कर्ष को बड़ी चालाकी से बहला फुसलाया और ऊपर कमरे में ले गए जहां उत्कर्ष की फावड़े से हत्या कर दी।
मंहगे शौक, अय्याशी ने बनाया हत्यारा
आवाज सुनकर जब मौसी रमिला ऊपर पहुंची तो मौसी के साथ मारपीट की। इस मारपीट में आरोपियों ने मौसी की एक आंख तक बाहर निकाल दी और घर में पड़े आभूषण चोरी कर ले गए थे। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके मंहगे शौक,अय्याशी और पैसों की कमी को पूरा करने के लिए उन्होंने यह घटना को अंजाम दिया था।

