राकेश चतुर्वेदी, झाबुआ। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के मेघनगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए गौवंश वध के मामले में महज 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

क्या है पूरा मामला? 

जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को मेघनगर थाना क्षेत्र के बेडावली गांव में गौवंश वध की सूचना मिली थी। इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने तुरंत अपराध क्रमांक 240/2026 दर्ज किया। पुलिस ने इस कार्रवाई में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325, मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम 2004 की धारा 4, 5 व 9, और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया।

कलेक्टर और एसपी ने किया था निरीक्षण 

घटना की गंभीरता को देखते हुए झाबुआ कलेक्टर योगेश तुकाराम भरसट और पुलिस अधीक्षक (एसपी) देवेंद्र पाटीदार ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया था। एसपी ने मौके से ही विशेष बिंदुओं पर जांच के निर्देश देते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के आदेश दिए थे।

पुलिस टीम की मुस्तैदी से धरे गए आरोपी 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया और थांदला एसडीओपी राजेश सूलिया के मार्गदर्शन में मेघनगर थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश चौहान ने विशेष पुलिस टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को धर दबोचा। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 45 ZG 6509) भी बरामद कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  1. कालू (25 वर्ष) पिता जोसिंग भूरिया, निवासी बेडावली।
  2. राजेश (28 वर्ष) पिता नरसिंह मचार, निवासी बेडावली।
  3. मानसिंह पिता दल्ला हटिला, निवासी कथ्था फैक्ट्री के पास, मेघनगर।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m