झज्जर के डीघल गांव में देर रात घर में घुसकर 52 वर्षीय दिव्यांग की हत्या कर दी गई। परिजनों ने इसे पुरानी रंजिश का परिणाम बताया है।

संजीत कबलाना, झज्जर। फाइनेंसरों के गांव के रूप में चर्चित डीघल में देर रात खूनी वारदात हुई है। अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर 52 वर्षीय दिव्यांग जितेन्द्र की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर निर्मम हत्या कर दी। इस सनसनीखेज ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। प्राथमिक जांच में यह हत्याकांड चर्चित साहिल उर्फ सोनू मर्डर केस की रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज में बदमाश गोलियां चलाते हुए कैद हुए हैं, जिसके आधार पर पुलिस हमलावरों की पहचान करने में लगी है। मृतक के परिजनों ने साहिल के परिवार पर साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है।

रंजिश में गई दिव्यांग की जान

मृतक जितेन्द्र के भाई सोमबीर और जेल में बंद आरोपी संदीप उर्फ लीला के पिता ने मीडिया के सामने आकर साहिल के परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि साहिल की हत्या का बदला लेने के लिए ही यह साजिश रची गई है, जिसमें साहिल के परिवार की महिलाएं भी शामिल हैं। परिजनों ने बताया कि आरोपी पहले उनके घर की रेकी करते थे और फिर योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि साहिल के चचेरे भाई अमन उर्फ बंटी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस हत्या को अंजाम दिया है। परिवार ने पहले ही अनहोनी की आशंका जताते हुए सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन सुनवाई न होने से आज एक और जान चली गई।

पुलिस जांच और गांव में तनाव

इस हत्याकांड के बाद गांव डीघल में भारी तनाव का माहौल है। परिजनों ने पुलिस से सभी आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और पूरे परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन फिलहाल कुछ भी बोलने से बच रहा है। पुलिस का कहना है कि वे हर पहलू से जांच कर रहे हैं और हमलावरों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। सोमबीर की शिकायत पर पुलिस ने अमन उर्फ बंटी और अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आपसी रंजिश और बदले की आग में लगातार हो रही इन वारदातों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल, पुलिस की टीमें संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई हैं।