Jhajjar Illegal RMC Plants : झज्जर। एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच हरियाणा के झज्जर में जिला प्रशासन ने अवैध रेडी-मिक्स कंक्रीट (RMC) प्लांटों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। प्रदूषण नियंत्रण मानकों की अनदेखी कर संचालित हो रहे 8 प्लांट हटवा दिए गए हैं। वहीं, प्रशासन की कार्रवाई से पहले बादली स्थित एक प्लांट संचालक ने खुद ही अपना ढांचा हटा लिया।

प्रशासन ने यह कदम हवा में बढ़ती धूल और प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने के लिए उठाया है। जांच में सामने आया कि संबंधित प्लांट जरूरी अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) के बिना संचालित किए जा रहे थे।

एनसीआर की खराब हवा के बीच प्रशासन ने दिखाई सख्ती

एनसीआर में वायु गुणवत्ता लगातार खराब होने और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के बेहद खराब श्रेणी में पहुंचने के बाद जिला प्रशासन ने प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए थे।

इसी के तहत हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बहादुरगढ़ के अनुरोध पर जिला नगर योजनाकार (DTP) झज्जर की टीम ने कार्रवाई की। टीम ने जिले में अलग-अलग स्थानों पर चल रहे 8 अवैध RMC प्लांट हटवाए।

बिना NOC चल रहे थे प्लांट, धूल से बढ़ रहा था प्रदूषण

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और जिला नगर योजनाकार विभाग के अनुसार, ये प्लांट जरूरी अनुमति और निर्धारित मानकों का पालन किए बिना संचालित हो रहे थे। इनसे निकलने वाली धूल आसपास के वातावरण को प्रभावित कर रही थी।

निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाले रेडी-मिक्स कंक्रीट के उत्पादन के दौरान धूल का फैलाव वायु प्रदूषण बढ़ा सकता है। ऐसे में नियमों की अनदेखी कर चल रहे प्लांट प्रशासन के निशाने पर आए।

झज्जर में इन 8 प्लांटों पर हुई कार्रवाई

प्रशासन की कार्रवाई में जिन प्लांटों को हटाया गया, उनमें शामिल हैं:

  1. श्री विनायक प्रोमिक्स – गांव याकूबपुर
  2. पी एंड एस इन्फ्रा (प्लांट-II) – गांव दादरी तोए
  3. बालाजी ट्रेडर्स – गांव दादरी तोए
  4. बालाजी कंस्ट्रक्शन – गांव नौरंगपुर
  5. अल्ट्राटेक RMC – गांव उकलाना
  6. हिंदुस्तान RMC
  7. बीकेजे बिल्डटेक – गांव निमाना
  8. चाहर RMC

कार्रवाई से पहले संचालक ने खुद हटाया प्लांट

प्रशासनिक सख्ती का असर बादली में भी देखने को मिला। यहां स्थित मैसर्स कॉम RMC ने कार्रवाई की आशंका के बीच अपना ढांचा खुद ही हटा लिया। प्रशासन की इस कार्रवाई को एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे प्रयासों का हिस्सा माना जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m