झालावाड़। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए झालावाड़ जिले में ग्राम विकास अधिकारी (VDO) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पंचायत समिति खानपुर की ग्राम पंचायत मऊ बोरदा में पदस्थ महिला अधिकारी के खिलाफ की गई। गिरफ्तार अधिकारी की पहचान रजनी मीणा के रूप में हुई है, जिसे एसीबी टीम ने 10,400 रुपए की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया।

प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर मांगी जा रही थी रिश्वत

जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिकारी सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल नवविवाहित जोड़ों के विवाह प्रमाण पत्र जारी करने के बदले रिश्वत की मांग कर रही थी। बताया जा रहा है कि एक सामाजिक संस्था द्वारा 26-27 जोड़ों का सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया गया था, जिसके बाद प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया शुरू हुई।

500 रुपये प्रति सर्टिफिकेट, बाद में 400 में हुई डील

शुरुआत में आरोपी अधिकारी ने प्रत्येक विवाह प्रमाण पत्र के लिए 500 रुपये की मांग की थी और सभी जोड़ों से कुल लगभग 13,500 रुपये देने की शर्त रखी थी। हालांकि बाद में बातचीत के दौरान प्रति प्रमाण पत्र 400 रुपये में डील तय की गई थी। अधिकारी का तर्क था कि संस्था को सामूहिक विवाह सम्मेलन से लाभ होता है और सरकारी अनुदान भी मिलता है, इसलिए शुल्क देना होगा।

शिकायत के बाद एसीबी ने बिछाया जाल

परिवादी ने 10 अप्रैल को एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर एसीबी टीम ने पहले गोपनीय सत्यापन किया और रिश्वत मांग की पुष्टि होने के बाद ट्रैप की योजना बनाई। आज जैसे ही आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की राशि ली, एसीबी टीम ने मौके पर ही दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ जारी, और खुलासों की संभावना

फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके ठिकानों पर तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है। माना जा रहा है कि इस मामले में आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H