Jharkhand AI Mission: झारखंड में बनेंगी 11 AI लैब, युवाओं को मिलेगा हाईटेक प्रशिक्षण, केंद्र की बड़ी सौगात

रांची। झारखंड में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। इंडिया-AI मिशन के तहत राज्य के आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों में 11 डेटा एवं AI लैब स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा दो AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और आठ AI रिसर्च फेलोशिप भी झारखंड को मिली हैं, जिससे युवाओं को अत्याधुनिक तकनीकों में प्रशिक्षण और शोध के नए अवसर प्राप्त होंगे।

यह जानकारी केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने राज्यसभा में सांसद परिमल नाथवानी के प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

ITI और पॉलिटेक्निक में बनेंगी 11 AI लैब

केंद्र सरकार के अनुसार, इंडिया-AI मिशन के तहत झारखंड के विभिन्न आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों में 11 डेटा एवं AI लैब स्थापित करने की मंजूरी दी गई है। इनमें से 6 संस्थानों की पहचान भी की जा चुकी है।

इन लैब में छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनोटेशन, डेटा क्यूरेशन और एप्लाइड डेटा साइंस जैसे आधुनिक विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे उद्योग की नई मांगों के अनुरूप कौशल विकसित कर सकेंगे।

दो AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी होंगे स्थापित

राज्य में AI आधारित नवाचार को बढ़ावा देने के लिए दो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों का उद्देश्य स्टार्टअप, एमएसएमई, शिक्षण संस्थानों और शोधकर्ताओं को तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराना तथा AI इनोवेशन इकोसिस्टम को मजबूत बनाना है।

रिसर्च करने वाले छात्रों को मिलेगा बड़ा अवसर

इंडिया-AI फेलोशिप के तहत झारखंड के विद्यार्थियों को अब तक 8 फेलोशिप प्रदान की गई हैं। इनमें 2 स्नातक स्तर और 6 पीएचडी अनुसंधान फेलोशिप शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य AI के क्षेत्र में शोध को बढ़ावा देना और देश में विशेषज्ञ मानव संसाधन तैयार करना है।

10,371 करोड़ रुपये के बजट पर चल रहा इंडिया-AI मिशन

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 7 मार्च 2024 को केंद्र सरकार ने 10,371.92 करोड़ रुपये के बजट के साथ इंडिया-AI मिशन को मंजूरी दी थी।

यह मिशन सात प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित है, जिनमें शामिल हैं—

AI कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर
फाउंडेशन मॉडल
राष्ट्रीय डेटासेट प्लेटफॉर्म
AI एप्लिकेशन डेवलपमेंट
फ्यूचर स्किल्स
स्टार्टअप फाइनेंसिंग
सुरक्षित एवं विश्वसनीय AI

मिशन के तहत देशभर में हैकाथॉन, इनोवेशन चैलेंज और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।