० जयराम बोले- नहीं बनी बात तो करूंगा अनशन

रांची। झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 6 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। सत्र से पहले बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में JPSC-JSSC छात्र आंदोलन का मुद्दा छाया रहा। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री से आंदोलनरत छात्रों से मिलने की मांग की, जबकि JLKM विधायक जयराम महतो ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो वह खुद अनशन पर बैठेंगे।

झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 6 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक चलेगा। पांच कार्य दिवस वाले इस सत्र में 7 अगस्त को वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट सदन में पेश किया जाएगा।

सत्र शुरू होने से पहले बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक हुई। बैठक में सदन को सुचारू रूप से चलाने के साथ-साथ JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

बाबूलाल मरांडी ने उठाया छात्र आंदोलन का मुद्दा

बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री से अपील की कि वे स्वयं या सरकार का प्रतिनिधिमंडल आंदोलनरत छात्रों से जल्द मुलाकात करे। उन्होंने कहा कि संवाद के जरिए इस मुद्दे का समाधान निकालना जरूरी है।

इस पर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि इस विषय पर कार्य मंत्रणा समिति में भी चर्चा की जाएगी।

जयराम महतो ने दी अनशन की चेतावनी

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में JLKM विधायक जयराम महतो ने आरोप लगाया कि सरकार छात्र आंदोलन के मुद्दे पर टालमटोल कर रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष से छात्रों से जल्द बातचीत कराने की मांग की है।

जयराम महतो ने सुझाव दिया कि संसदीय कार्य मंत्री की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल छात्रों से मुलाकात करे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो वह स्वयं छात्रों के समर्थन में अनशन पर बैठेंगे।

बैठक में ये नेता रहे मौजूद

सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, JLKM विधायक जयराम महतो, आजसू विधायक निर्मल महतो और लोजपा विधायक जनार्दन पासवान समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।