अनुपूरक बजट पर होगी चर्चा, विपक्ष ने सरकार को घेरने की बनाई रणनीति; सदन के बाहर छात्रों का प्रदर्शन
रांची। झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र का आज सोमवार को तीसरा दिन है। पांच कार्य दिवसों वाले इस छोटे सत्र में आज अनुपूरक बजट पर चर्चा होगी, लेकिन JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का मुद्दा सदन में हावी रहने के आसार हैं। वहीं, आंदोलनरत छात्र सुबह 10 बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से विधानसभा घेराव के लिए कूच करेंगे। छात्रों के आंदोलन को लेकर विपक्ष ने भी सरकार को सदन के अंदर घेरने की पूरी तैयारी कर ली है।
छात्रों के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगेगी भाजपा
भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि JPSC-JSSC मामले में आंदोलनरत छात्रों की मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोमवार को छात्र विधानसभा का घेराव करेंगे, जबकि भाजपा विधायक सदन के भीतर सरकार से जवाब मांगेंगे।
नवीन जायसवाल के मुताबिक छात्र पिछले 16 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार अब तक उनकी मांगों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है। भाजपा पहले भी सदन में इस मुद्दे को उठा चुकी है।
शुक्रवार को सदन में हुआ था जोरदार हंगामा
मॉनसून सत्र के पहले दिन शुक्रवार को JPSC में कथित अनियमितताओं को लेकर विपक्षी विधायकों ने सदन के वेल में पहुंचकर जमकर नारेबाजी की थी। प्रश्नकाल के दौरान हुए हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर साढ़े 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी थी।
बाद में कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने 8,399 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया। इसके बाद सदन की कार्यवाही सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी।
भाजपा ने सीएम हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग की
सत्र शुरू होने से पहले शुक्रवार को भाजपा विधायकों ने विधानसभा के बाहर JPSC और JSSC में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया था। भाजपा नेताओं ने कहा था कि छात्र जिन मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, पार्टी भी उनका समर्थन करती है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा विधायकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग भी की।
बाबूलाल मरांडी बोले- राहुल गांधी को सीएम से बात करनी चाहिए
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने JPSC-JSSC मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में नौकरियों और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस मुद्दे पर बात करनी चाहिए। अगर मुख्यमंत्री उनकी बात नहीं सुनते हैं, तो उन्हें सरकार से अलग हो जाना चाहिए।
सदन के अंदर और बाहर आज जोर पकड़ेगा आंदोलन
आज राजधानी रांची में JPSC-JSSC का मुद्दा सदन के अंदर और सड़क दोनों जगह नजर आने वाला है। एक तरफ छात्र विधानसभा घेराव की तैयारी में हैं, वहीं दूसरी ओर विपक्ष ने भी सरकार पर दबाव बढ़ाने की रणनीति तैयार कर ली है। ऐसे में विधानसभा के तीसरे दिन हंगामे के आसार बने हुए हैं।


