रांची। झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन मंगलवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया। सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक कई बार आसन के सामने पहुंचकर नारेबाजी करते नजर आए। JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं और CBI जांच की मांग को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर रहा।

हंगामे के बीच वित्त विधेयक को मिली मंजूरी

द्वितीय पाली में भी सदन के भीतर जोरदार हंगामा जारी रहा। सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक आसन के सामने मौजूद रहे। इसी बीच वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने झारखंड राजकोषीय उत्तरदायित्व एवं बजट प्रबंधन संशोधन विधेयक, 2026 सदन के पटल पर रखा।हंगामे के बीच ही विधेयक को विधानसभा की मंजूरी मिल गई।

सीपी सिंह ने आसन के सामने लहराए नोट

JPSC परीक्षा के मुद्दे पर सदन में जारी हंगामे के दौरान भाजपा विधायक सीपी सिंह ने आसन के सामने नोट लहराए। उस वक्त मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सदन में अपनी बात रख रहे थे। सदन के भीतर JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा।

सोमवार को पारित हुआ था 8,399 करोड़ का अनुपूरक बजट

इससे पहले सोमवार को विपक्ष की गैरमौजूदगी में सदन की कार्यवाही चली थी। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 8,399 करोड़ 31 लाख 11 हजार रुपये का अनुपूरक बजट पारित किया गया।

अनुपूरक बजट पर चर्चा का जवाब देते हुए वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सरकार की योजनाओं और राज्य की आर्थिक स्थिति से जुड़े आंकड़े सदन में रखे थे। उन्होंने मंईयां सम्मान योजना का भी उल्लेख किया था।

सोमवार को विधायकों की गैरमौजूदगी पर अध्यक्ष ने जताई थी नाराजगी

सोमवार को प्रश्नकाल के दौरान विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने सदन से अनुपस्थित रहने वाले विधायकों पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि सवाल पूछकर सदन में उपस्थित नहीं रहना संसदीय व्यवस्था की अच्छी परंपरा नहीं है।

विधायकों के आवास के लिए जमीन का मुद्दा भी उठा

सोमवार को ध्यानाकर्षण के दौरान विधायकों के आवास निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने का मामला भी उठा था। सरकार के जवाब पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने असंतोष जताते हुए कहा था कि वह खुद सरकार के जवाब से संतुष्ट नहीं हैं।

वहीं मंत्री दीपक बिरुआ ने बताया था कि नगड़ी, नामकुम, रातू और ओरमांझी में जमीन चिन्हित की गई है। सहकारिता समिति की अनुमति के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई विधानसभा की कार्यवाही

JPSC समेत विभिन्न मुद्दों पर लगातार जारी हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी।

अध्यक्ष ने कहा कि भारी मन से उन्हें सभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करनी पड़ रही है। इसके साथ ही झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र तय अवधि से पहले ही समाप्त हो गया।