छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में झारखंड बंद का असर, सड़क जाम कर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
रांची। JPSC और JSSC नियुक्ति परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों के विधानसभा घेराव के दौरान हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया है। बंद के दौरान कई जिलों में भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
पाकुड़ में सड़क जाम, BJP कार्यकर्ता हिरासत में
पाकुड़ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुबह करीब 8 बजे बिरसा चौक पर सड़क जाम कर दिया। कार्यकर्ताओं ने हेमंत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध किया।
करीब 12 बजे नगर थाना की पुलिस महिला पुलिस पदाधिकारी के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने सड़क जाम कर रहे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।

CM हाउस की सुरक्षा बढ़ाई गई
वहीं, झारखंड बंद को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सीएम हाउस के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग की गई है। प्रशासन की ओर से किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
छात्र आंदोलन और पुलिस कार्रवाई के बाद झारखंड में सियासी हलचल तेज है। भाजपा लगातार सरकार से छात्रों की मांगों पर कार्रवाई और पूरे मामले की जांच की मांग कर रही है।


