कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के मथुराडीह गांव में मधुमक्खियों के हमले से एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में 12 वर्षीय श्रीकांत कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, दो बच्चियों समेत तीन घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
जमीन के सुराख से अचानक निकलीं मधुमक्खियां
जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त की शाम परिवार के लोग खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान अमरूद के पेड़ के पास जमीन में बने एक सुराख से अचानक बड़ी संख्या में मधुमक्खियां निकल आईं।मधुमक्खियों ने खेत में मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई।
चार लोग हुए घायल
मधुमक्खियों के डंक से श्रीकांत कुमार (12), शिवानी कुमारी (7), सोनाली कुमारी (6) और अनीता देवी (30) घायल हो गए।परिजन सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए कोडरमा रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान बच्चे की मौत
कोडरमा में इलाज के दौरान श्रीकांत कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई। 16 अगस्त की अलसुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।वहीं, शिवानी और सोनाली की हालत बिगड़ने पर परिजन दोनों को गिरिडीह लेकर गए, जहां उनका इलाज जारी है। अनीता देवी का भी उपचार कराया जा रहा है।
हादसे के बाद परिवार में मातम
घटना के बाद मथुराडीह गांव में परिवार के बीच मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक खेत में काम करने के दौरान जमीन में बने सुराख से अचानक मधुमक्खियां निकलने के कारण यह हादसा हुआ। घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है।


