रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में झारखंड राज्य कैबिनेट की बैठक 25 अगस्त, मंगलवार को प्रस्तावित है। बैठक को लेकर मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग की ओर से संबंधित मंत्रियों और अधिकारियों को सूचना दे दी गई है।
कैबिनेट बैठक के लिए करीब दो दर्जन प्रस्ताव मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजे जा चुके हैं। इनमें नक्सल प्रभावित जिलों में अनुबंध पर कार्यरत सहायक पुलिसकर्मियों के अवधि विस्तार का प्रस्ताव भी शामिल है।
2200 सहायक पुलिसकर्मियों को मिल सकता है अवधि विस्तार
राज्य सरकार नक्सल प्रभावित 12 जिलों में अनुबंध पर नियुक्त करीब 2200 सहायक पुलिसकर्मियों की सेवा अवधि बढ़ाने पर विचार कर रही है। गृह विभाग ने इससे संबंधित प्रस्ताव तैयार कर वित्त विभाग को भेजा है। वित्त विभाग की स्वीकृति के बाद विधि विभाग से सहमति लेकर प्रस्ताव कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा।
JPSC में अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति पर भी नजर
कैबिनेट बैठक में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति पर भी निर्णय होने की संभावना है। फिलहाल आयोग में अध्यक्ष समेत सभी सदस्यों के पद रिक्त हैं।
CID जांच शुरू होने के बाद तत्कालीन अध्यक्ष एल खियांग्ते ने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके अलावा आयोग की सदस्य अजिता भट्टाचार्य, अनिमा हांसदा और जमाल अहमद ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद JPSC में अध्यक्ष और सदस्यों के सभी पद खाली हैं।अब 25 अगस्त को होने वाली कैबिनेट बैठक में इन अहम प्रस्तावों पर सरकार क्या निर्णय लेती है, इस पर नजर रहेगी।

