रांची। झारखंड कांग्रेस में संगठन को मजबूत करने और पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा के लिए प्रदेश प्रभारी के. राजू 15 अगस्त को पांच दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वे चार संसदीय क्षेत्रों के नेताओं के साथ बैठक कर संगठन की स्थिति, पार्टी गतिविधियों और आगामी रणनीति की समीक्षा करेंगे।
16 अगस्त से शुरू होंगी समीक्षा बैठकें
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि के. राजू 16 अगस्त को धनबाद संसदीय क्षेत्र के पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद 17 अगस्त को लोहरदगा संसदीय क्षेत्र के नेताओं से मुलाकात करेंगे।इसी दिन शाम को रांची के होटल बीएनआर में झारखंड प्रोफेशनल कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक प्रस्तावित है।
18 अगस्त को हजारीबाग के नेताओं के साथ मंथन
प्रभारी के. राजू 18 अगस्त को हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। बैठकों में संबंधित संसदीय क्षेत्र की संगठनात्मक स्थिति, पार्टी की गतिविधियों और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने को लेकर चर्चा होगी।
बैठक में कौन-कौन होंगे शामिल?
समीक्षा बैठकों में संसदीय प्रभारी, सह-प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, विधानसभा प्रभारी, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष, प्रदेश सचिव, ब्लॉक अध्यक्ष और एसआईआर प्रशिक्षक शामिल होंगे। इसके अलावा संबंधित क्षेत्रों के वर्तमान और पूर्व सांसद, विधायक तथा चुनाव लड़ चुके उम्मीदवारों को भी बैठक में बुलाया गया है।
19 अगस्त को हैदराबाद रवाना होंगे के. राजू
बैठकों का सिलसिला पूरा करने के बाद प्रभारी रांची लौटेंगे और स्टेट गेस्ट हाउस में ठहरेंगे। 19 अगस्त को के. राजू रांची से हैदराबाद के लिए रवाना होंगे।


