कोडरमा। झारखंड के कोडरमा में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। आरोप है कि प्रेमी ने इलाज के बहाने पति को अपने क्लिनिक में बुलाया और कीटनाशक का इंजेक्शन देकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरे में बंद कर बंद पड़ी पत्थर खदान में फेंक दिया गया।
मामला नवलशाही थाना क्षेत्र के लकराही तालाब के पास बंद पड़ी पत्थर खदान से 17 अक्टूबर को बरामद नरेश ठाकुर के शव से जुड़ा है। नरेश हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के भगहर का रहने वाला था। पुलिस ने इस हत्याकांड का 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है।
2019 से चल रहा था प्रेम प्रसंग
पुलिस के मुताबिक, नरेश की पत्नी किरण देवी और सुनील ठाकुर के बीच वर्ष 2019 से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे और आरोप है कि इसी वजह से उन्होंने नरेश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस ने मामले में किरण देवी और उसके प्रेमी सुनील ठाकुर को गिरफ्तार किया है।
कोलकाता जाते समय बिगड़ी थी तबीयत
जांच के अनुसार, नरेश 10 अक्टूबर को कोलकाता जाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ गई। सुनील ठाकुर नरेश का परिचित था और झोलाछाप चिकित्सक के रूप में भी काम करता था। उसने इलाज कराने के बहाने नरेश को अपने पास बुलाया।
पुलिस का आरोप है कि सुनील ने अपने क्लिनिक में इलाज के दौरान नरेश को कीटनाशक का इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद उसकी मौत हो गई। आरोप है कि शव को क्लिनिक में ही बोरे में बंद करके रखा गया।
मोटरसाइकिल से ले जाकर खदान में फेंका शव
पुलिस के अनुसार, मौका मिलने पर सुनील ने शव को मोटरसाइकिल पर लादा और नवलशाही थाना क्षेत्र के लकराही तालाब के पास स्थित बंद पड़ी पत्थर खदान में फेंक दिया।
इधर, घटना के बाद किरण देवी ने चौपारण थाने में पति के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
अज्ञात शव की पहचान के बाद खुली हत्या की गुत्थी
17 अक्टूबर को नवलशाही पुलिस ने बंद पड़ी पत्थर खदान से एक अज्ञात शव बरामद किया। पहचान नरेश ठाकुर के रूप में होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी।
तकनीकी साक्ष्यों और आरोपितों से पूछताछ के दौरान पुलिस को हत्या की साजिश से जुड़े अहम सुराग मिले। सुनील की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, नरेश का मोबाइल और पर्स बरामद किया। पर्स से आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड और एसबीआई का बैंक कार्ड मिला।
एसपी ने किया हत्याकांड का खुलासा
पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने बताया कि शव बरामद होने के बाद विशेष अनुसंधान टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और विभिन्न पहलुओं की जांच के आधार पर हत्याकांड का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, जांच में हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। आरोप है कि नरेश की हत्या के बाद किरण देवी और सुनील ठाकुर शादी करने की योजना बना रहे थे।
मामले में नवलशाही थाना कांड संख्या 69/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

