० 6 अगस्त को रांची मुख्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया
रांची। झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले की जांच तेज हो गई है। भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत जांच कर रही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने तीन और संदिग्धों को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। सभी को 6 अगस्त को रांची स्थित एसीबी मुख्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
समन पाने वालों में छत्तीसगढ़ राज्य विपणन निगम लिमिटेड के पूर्व प्रबंध निदेशक एवं छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग के पूर्व विशेष सचिव अरुणपति त्रिपाठी, नेक्सजेन सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ अरुण कुमार सिंह और मैनपावर आपूर्ति एजेंसी मेसर्स विजन हॉस्पिटालिटी प्राइवेट लिमिटेड के स्थानीय प्रतिनिधि श्यामजी शरण शामिल हैं।
एसीबी इन सभी से शराब घोटाले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी मामले में वित्तीय लेन-देन, ठेका प्रक्रिया और संबंधित कंपनियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। माना जा रहा है कि पूछताछ के बाद मामले में आगे और अहम खुलासे हो सकते हैं।


